भूल गए हैं हम की, हम एक आत्मा हैं। | Bhul gae hain ham ki, ham ek atma hain

कभी-कभी, तुम्हें नहीं लगता
कितना दूर हो गए हैं हम,
अपने लक्ष्य से।
इस आजीविका की चिंता में,
उस प्रेम की चाहत में,
उन सांसारिक सपनों में,
उन क्षणभंगुर मोह-राग-द्वेष भावों में,
भूल गए हैं हम की, हम एक आत्मा हैं।

ऐसी आत्मा जो सदा नित्य है,
फिर उसमें क्षणभंगुरता का स्थान कहाँ?
भूल गए हैं हम की, वह अतीन्द्रिय है,
फिर उसमें इंद्रिय भोगों की रिक्तता कहाँ?
भूल गए हैं हम की, वह हमें प्राप्त है,
फिर सपनों का जुनून कहाँ?
भूल गए हैं हम की, वह पूर्ण है फिर
प्रेम की आकांक्षा कहाँ?

जहाँ भी हो, ये आत्मा में तो नहीं,
हो सकता है विकारी पर्यायों में हो,
शायद इसलिए, भूल गए हैं हम,
पर आत्मा में कहाँ।

रचनाकार: अक्षय जैन (Akshay Jain), खड़ेरी
Instagram: @akshay_Jain1209