भाषा प्रार्थना (पं. पन्नालाल विशारद) | Bhasha Prarthana (Pt. Pannalal Visharad)

पं० पन्नालाल विशारद महगेर्ना कृत।

हे त्रिभुवन गुरु जिनवर, परमानन्दैकहेतु हितकारी।
करहु दया किंकर पर प्रभो! ज्यों होय मोक्ष सुखकारी॥१॥

हे अर्हन् भवहारी, भवथितिमे मैं भयो दुखी भारी।
दया दीन पर कीजे, फिर नहिं अत्र वास होय दुखकारी॥२॥

जग-उद्धार प्रभो! मम करि उद्धार विषमभव जलसे।
बारबार यह विनती करता हूँ मैं पतित दुखी दिलसे॥३॥

तुम प्रभु करुणासागर, तुम हो अशरण शरण जगत स्वामी।
दुखिन मोहरिपुसे मैं, यातें करता पुकार जिन नामी॥४॥

एक गांवपति भी जब, करुणा करता प्रबल दुखित जनपर।
तब हे त्रिभुवनपति तुम करुणा क्या नहीं करोगे फिर मुझपर ५॥

विनती यही हमारी, मेटो संसार भ्रमण भयकारी।
दुःखी भयो मैं भारी, तातें करता पुकार बहुभारी॥६॥

करुणामृतकर शीतल, भवतप-हारी चरण कमल तेरे।
रहें हृदयमें मेरे जब तक हैं कर्म मुझे जग घेरे॥७॥

पद्मनंदि गुण-वंदित, भगवन्! संसार शरण-उपकारी।
अंतिम विनय हमारी, करुणाकर करहु भव जलधि पारी॥८॥


स्रोत: जैन पूजा संग्रह (महावीर प्रसाद एण्ड सन्स, देहली), पृष्ठ १६९ (जैन पूजा संग्रह (महावीर प्रसाद एण्ड सन्स, देहली) | Jain Puja Sangrah)