हैं भक्त देव नत मौलि मणि-प्रभा के।
उद्योत कारक विनाशक पाप के हैं॥
आधार जो भव-पयोधि पड़े जनों के।
अच्छी तरह नम, उन्हीं प्रभु के पदों को॥1॥
श्री आदिनाथ विभु की स्तुति मैं करूँगा।
की देव लोक पति ने स्तुति है जिन्हों की॥
अत्यन्त सुन्दर जगत्रय-चित्तहारी।
सुस्तोत्र से सकल शास्त्र रहस्य पाके॥2॥
हूँ बुद्धिहीन फिर भी बुध-पूज्यपाद।
तैयार हूँ स्तवन को निर्लज्ज होके॥
है और कौन जग में तज बाल को जो।
लेना चहे सलिल-संस्थित चन्द्र-बिम्ब?॥3॥
होवे बृहस्पति-समान सुबुद्धि तो भी।
है कौन जो गिन सके तव सद्गुणों को॥
कल्पान्त वायु-वश सिन्धु अलंघ्य जो है।
है कौन जो तिर सके उसको भुजा से?॥4॥
हूँ शक्ति हीन फिर भी करने लगा हूँ।
तेरी प्रभु स्तुति हुआ वश-भक्ति के मैं॥
क्या मोह के वश हुआ शिशु को बचाने।
है सामना न करता मृग सिंह का भी?॥5॥
हूँ अल्प बुद्धि बुध मानव की हँसी का।
हूँ पात्र, भक्ति-तव है मुझको बुलाती॥
जो बोलता मधुर कोकिल है मधु में।
है हेतु आम्र-कलिका बस एक उसका॥6॥
तेरी किये स्तुति विभो, बहु जन्म के भी।
होते विनाश सब पाप मनुष्य के हैं॥
भौंरें समान अति श्यामल जो अंधेरा।
होता विनाश रवि के कर से निशा का॥7॥
यों मानि की स्तुति मुझ अल्पधी ने।
तेरे प्रभाव-वश नाथ वही हरेगी॥
सत्लोक के हृदय को जल बिन्दु भी तो।
मोती समान नलिनी-दल पै सुहाते॥8॥
निर्दोष दूर तब हो स्तुति का बनाना।
तेरी कथा तक हरे जग के अघों को॥
हो दूर सूर्य करती उसकी प्रभा ही।
अच्छे प्रफुल्लित सरोजन को सरों में॥9॥
आश्चर्य क्या भुवन रत्न भले गुणों से।
तेरी किये स्तुति बनें मुझ से मनुष्य॥
क्या काम है जगत में उन मालिकों का।
जो आत्म-तुल्य न करें निज आश्रितों को?॥10॥
अत्यन्त सुन्दर विभो तुझको विलोक।
अन्यत्र आँख लगती नहीं मानवों की॥
क्षीराब्धि का मधुर सुन्दर वारि पी के।
पीना चहे जलधि का जल कौन खारा?॥11॥
जो शान्ति के सु परमाणु प्रभो तनू में।
तेरे लगे जगत में उतने वही थे॥
सौन्दर्य सार जगदीश्वर चित्त हर्त्ता।
तेरे समान इससे नहिं रूप कोई॥12॥
तेरा कहाँ मुख सुरादिक-नेत्र रम्य।
सर्वोपमान विजयी जगदीश नाथ॥
त्यों ही कलंकित कहाँ वह चन्द्रबिम्ब।
जो हो पड़े दिवस में द्युतिहीन फीका?॥13॥
अत्यन्त सुन्दर कला निधि की कला में।
तेरे मनोज्ञ गुण नाथ फिरे जगों में॥
है आसरा त्रिजगदीश्वर का जिन्हों को।
रोके उन्हें त्रिजग में फिरते न कोई॥14॥
देवाङ्गना हर सकी मन को न तेरे।
आश्चर्य नाथ उसमें कुछ भी नहीं है॥
कल्पान्त के पवन से उड़ते पहाड़।
पै मन्दराद्रि हिलता तक है कभी क्या?॥15॥
बत्ती नहीं नहीं धुआँ नहिं तैल-पूर।
भारी हवा तक नहीं सकती बुझा है॥
सारे त्रिलोक बिच है करता उजेला।
उत्कृष्ट दीपक विभो द्युतिकारि तू है॥16॥
तू हो न अस्त, तुझको गहता न राहु।
पाते प्रकाश तुझ से जग एक साथ॥
तेरा प्रभाव रुकता नहीं बादलों से।
तू सूर्य से अधिक है महिमा-निधान॥17॥
मोहान्धकार हरता रहता उगा ही।
जाता न राहु-मुख में, न छुपे घनों से॥
अच्छे प्रकाशित करें जग को सुहावे।
अत्यन्त कान्तिधरनाथ मुखेन्दु तेरा॥18॥
क्या भानु से दिवस में निशि में शशि से?
तेरे प्रभो सुमुख से तम नाश होते॥
अच्छी तरह पक गया जग-बीच धान।
है काम क्या? जल-भरे इन बादलों से॥19॥
जो ज्ञान निर्मल विभो तुझमें सुहाता।
भाता नहीं वह कभी, पर देवता में॥
होती मनोहर छटा, मणि-मध्य जो है।
सो काँच में नहिं, पड़े रवि बिम्ब के भी॥20॥
देखे भले, अयि विभो पर देवता ही।
देखे जिन्हें हृदय आ तुझ में रमे ये॥
तेरे विलोकन किये, फल क्या प्रभो जो?
कोई रमें न मन में पर जन्म में भी॥21॥
मायें अनेक जनती जग में सुतों को।
हैं किन्तु वे न तुझ से सुत की प्रसूता॥
सारी दिशा धर रही रवि का उजेला।
पै एक पूरब-दिशा रवि को उगाती॥22॥
योगी तुझे परम पुरुष हैं बताते।
आदित्य-वर्ण मलहीन तमिस्रहारी॥
पाके तुझे जय करें सब मौत को भी।
है और ईश्वर नहीं वर मोक्षमार्ग॥23॥
योगीश, अव्यय, अचिन्त्य, अनङ्गकेतु।
ब्रह्मा, असंख्य, परमेश्वर, एक नाना॥
ज्ञान स्वरूप विभु, निर्मल योग वेत्ता।
त्यों आद्य सन्त तुझको कहते अनन्त॥24॥
तू बुद्ध है, विबुध-पूजित-बुद्धिवाला।
कल्याण-कर्तृवर शंकर भी तुही है॥
तू मोक्षमार्ग-विधि-कारक है विधाता।
है व्यक्त नाथ, पुरुषोत्तम भी तुही है॥25॥
त्रैलोक्य-आर्त्ति-हर नाथ, तुझे नमूँ मैं।
हे भूमि के विमल रत्न! तुझे नमूँ मैं॥
हे ईश सर्व जग के तुझको नमूँ मैं।
मेरे भवोदधि-विनाशि तुझे नमूँ मैं॥26॥
आश्चर्य क्या गुण सभी तुझ में समाये?
अन्यत्र क्योंकि न मिली उनको जगा ही॥
देखा न नाथ मुख भी तव स्वप्न में भी।
पा आसरा जगत का सब दोष ने तो॥27॥
नीचे अशोक तरु के तन है सुहाता।
तेरा विभो विमल रूप प्रकाश कर्त्ता॥
फैली हुई किरण का तम का विनाशी।
मानों समीप घन के रवि बिम्ब ही है॥28॥
सिंहासन स्फटिक रत्न जड़ा उसी में।
भाता विभो कनक-कान्त शरीर तेरा॥
जो रत्न पूर्ण उदयाचल शीश पै जा।
फैला स्वकीय किरणें रवि बिम्ब सोहे॥29॥
तेरा स्वर्ण सम देह विभो, सुहाता।
है श्वेत कुन्द-सम चामर के उड़े से॥
सोहे सुमेरुगिरि, कांचन कान्तिधारी।
ज्यों चन्द्र कान्तिधर निर्झर के बहे से॥30॥
मोती मनोहर लगे जिनमें सुहाते।
नीके हिमांशु-सम सूरज-ताप हारी॥
हैं तीन छत्र सिर पै अति रम्य तेरे।
जो तीन लोक परमेश्वरता बताते॥31॥
गम्भीर नाद भरता दश ही दिशा में।
सत्संग की त्रिजग को महिमा बताता॥
धर्मेश की कर रहा जय घोषणा है।
आकाश बीच बजता यश का नगारा॥32॥
गन्धोद-बिन्दु युत मारुत की गिराई।
मन्दारकादि तरु की कुसुमावली को॥
होती मनोरम महा सुरलोक से है।
वर्षा मनों तव लसे वचनावली है॥33॥
त्रैलोक्य की सब प्रभामय वस्तु जीती।
भामण्डल प्रबल है तव नाथ ऐसा॥
नाना प्रचण्ड रवि-तुल्य सुदीप्ति धारी।
है जीतता शशि सुशोभित रात को भी॥34॥
है स्वर्ग-मोक्ष-पथ दर्शन के सुनेता।
सद्धर्म के कथन में पटु है जगों के॥
दिव्यध्वनि प्रकट अर्थमयी प्रभो है।
तेरी लहे सकल मानव बोध जिससे॥35॥
फूले हुये कनक के नव पद्म के से।
शोभायमान नख की किरण प्रभा से॥
तूने जहाँ पग धरे अपने विभो हैं।
नीके वहाँ विबुध पङ्कज कल्पते हैं॥36॥
तेरी विभूति इस भाँति विभो हुई जो।
सो धर्म के कथन में न हुई किसी की॥
होता प्रकाशित परन्तु तमिस्र-हर्त्ता।
होता न तेज रवि तुल्य कहीं ग्रहों का?॥37॥
दोनों कपोल झरते मद से सने हैं।
गुञ्जार खूब करती मधुपावली हैं॥
ऐसा प्रमत्त गज होकर क्रुद्ध आवे।
पावे न किन्तु भय, आश्रित लोक तेरा॥38॥
नाना करीन्द्र दल-कुम्भ विदारके की।
पृथ्वी सुरम्य जिसने गज मोतियों से॥
ऐसा मृगेन्द्र तक चोट करे न उस पै।
तेरे पदादि जिसका शुभ आसरा है॥39॥
झालें उठें चहुँ उड़ें जलते अँगारे।
दावाग्नि जो प्रलय वह्नि समान भासे॥
संसार भस्म करने हित पास आवे।
त्वत्कीर्ति गान शुभ वारि उसे शमावे॥40॥
रक्ताक्ष क्रुद्ध पिक कंठ समान काला।
फुंकार सर्प फण को कर उच्च धावे॥
निःशंक हो जन उसे पग से उलाँघे।
त्वन्नाम नाग दमनी जिसके हिये हो॥41॥
घोड़े जहाँ हिन-हिनें गरजें गजाली।
ऐसे महा प्रबल सैन्य धराधिपों के॥
जाते सभी बिखर हैं तव नाम गाए।
ज्यों अन्धकार उगते रवि के करों से॥42॥
बर्छें लगे बह रहे गज रक्त के हैं।
तालाब से विकल हैं तरणार्थ योद्धा॥
जीते न जाय रिपु संगर बीच ऐसे।
तेरे प्रभो चरण-सेवक जीतते हैं॥43॥
हैं काल-नृत्य करते मकरादि जन्तु।
त्यों बाड़वाग्नि अति भीषण सिन्धु में है॥
तूफान में पड़ गये जिनके जहाज।
वे भी प्रभो! स्मरण से तव पार होते॥44॥
अत्यन्त पीड़ित जलोदर भार से हैं।
है दुर्दशा तज चुके निज जीविताशा॥
वे भी लगा तव पदाब्ज रज सुधा को।
होते प्रभो मदन तुल्य स्वरूप देही॥45॥
सारा शरीर जकड़ा दृढ़ सांकलों से।
बेड़ी पड़े छिल गई जिनकी सुजांघें॥
त्वन्नाम मन्त्र जपते-जपते उन्हों के।
जल्दी स्वयं झड़ पड़े सब बन्ध बेड़ी॥46॥
जो बुद्धिमान इस सुस्तव को पढ़ै हैं।
होके विभीत उनसे भय भाग जाता॥
दावाग्नि सिन्धु अहि वारण रोग का त्यों।
पंचास्य मत्त गज का सब बन्धनों का॥47॥
तेरे मनोज्ञ गुण से स्तव मालिका ये।
गूँथी प्रभो! रुचिर वर्ण सुपुष्प वाली॥
मैंने सभक्ति जन कंठ धरे इसे जो।
सो ‘मानतुङ्ग’ सम प्राप्त करे सुलक्ष्मी॥48॥
स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ २०७ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)