भक्तामर स्तोत्र आखिर क्यों महान् है ?
-प्रो. वीरसागर जैन
भक्तामर स्तोत्र की मैं बचपन से ही बहुत महिमा सुनता चला आ रहा हूँ | समाज में इसका अत्यधिक प्रचलन है | लाखों लोग इसका नित्य पाठ करते हैं, बारम्बार पाठ करते हैं, अखण्ड पाठ करते हैं | कुछ लोग तो इसके अलावा और कुछ भी नहीं करते हैं, पूजा, विधान, जाप आदि सब एक इसी का करते हैं।
सब की देखादेखी मैंने भी इसका अनेक बार पाठ किया, इसे कंठस्थ भी कर लिया, परन्तु फिर भी मेरी समझ में ठीक से नहीं आया कि आखिर भक्तामर स्तोत्र क्यों महान् है ? इसमें ऐसा क्या है जो इसे रोज-रोज बारम्बार पढ़ा जाए ? इससे अच्छा तो किसी ‘द्रव्यसंग्रह’ आदि का पाठ करना चाहिए, जो सारी जिनवाणी का सार है, जिसमें कूट-कूटकर तत्त्वज्ञान भरा हुआ है | भक्तामर स्तोत्र के ही बारम्बार पाठ करने से क्या मिलने वाला है, उसमें कुछ तत्त्वज्ञान की बात तो है नहीं ।
मैंने इस सम्बन्ध में अनेक विद्वानों एवं इसके पाठ करनेवालों से भी बहुत चर्चा की, परन्तु मुझे कुछ भी संतोषजनक समाधान नहीं मिला |
कुछ लोग तो इसके सम्बन्ध में अनेक चमत्कार, मन्त्र-तन्त्र आदि की सी बातें बताते थे कि इससे अमुक रोग दूर होता है, अमुक सम्पत्ति प्राप्त होती है, आदि आदि; परन्तु वे बातें मुझे बिलकुल भी रुचिकर एवं महत्त्वपूर्ण प्रतीत नहीं हुईं, जैनदर्शन की मूल भावना के अनुरूप भी नहीं लगीं और इसीलिए उन बातों के कारण भक्तामर स्तोत्र महान् होगा -यह मेरी समझ में कभी नहीं आया | मैं मन्त्रशास्त्र का विरोधी नहीं हूँ | उसे मानता हूँ, उसके प्रभाव को भी स्वीकार करता हूँ, परन्तु वह किसी भी ज्ञानी/मुमुक्षु जीव को आकर्षित करता, क्योंकि उसकी आत्मकल्याण में, मोक्षमार्ग में कोई उपयोगिता नहीं होती | आचार्य समन्तभद्रस्वामी ने भगवान् को चमत्कारों के कारण नहीं, वीतरागता के कारण महान् माना है ।
बहुत लोगों ने मुझे अड़तालीस तालों वाली घटना बताई, पर वह भी मेरे चित्त को एकदम अव्यावहारिक एवं अनुचित प्रतीत हुई, क्योंकि पहली बात तो ऐसा सम्भव ही नहीं है कि राजा भोज जैसा ज्ञानानुरागी, मानतुंग जैसे निर्ग्रन्थ साधु को, वह भी एक-दो नहीं, अड़तालीस तालों की जेल में कैद करे; और यदि कदाचित् कोई मिथ्या आरोप लगाकर कर भी दे तो फिर मानतुंग स्वामी का उन तालों को तोड़कर बाहर निकल आना उचित नहीं लगता, क्योंकि जैन साधु ऐसा नहीं करते | इसी प्रकार की और भी अनेक आपत्तियां आती हैं; अतः यह बात भी मुझे भक्तामर स्तोत्र की महिमा का सम्यक् आधार प्रतीत नहीं हुआ |
कुछ विद्वानों ने कहा कि यह जैन-स्तोत्र-परम्परा का एक मानक ग्रंथ है, भक्ति-स्तुति का उत्कृष्ट ग्रंथ है, इसलिए महान् है; परन्तु जैन-स्तोत्र-परम्परा के भक्ति-स्तुति के उत्कृष्ट ग्रंथ तो आचार्य समन्तभद्र के देवागम स्तोत्र आदि माने जाते हैं, जिनमें कूट-कूटकर जैन तत्त्वज्ञान भरा हुआ है, अनेकांत-स्याद्वाद, द्रव्य-गुण-पर्याय, कारण-कार्य-विधान आदि गूढ़-गम्भीर विषय भरे हुए हैं | फिर उनका पाठ लोग क्यों नहीं करते ? भक्तामर स्तोत्र में तो ऐसा कुछ भी नहीं है | उसमें कहीं सात तत्त्व के नाम तक भी नहीं बताये गये हैं | उसमें जीव और पुद्गल भिन्न-भिन्न हैं, इतना-सा भी तो कहीं नहीं लिखा है | फिर इसमें है ही क्या ?
इसके बाद कुछ विद्वानों ने मुझे समझाया कि वास्तव में ही भक्तामरस्तोत्र की कोई तात्त्विक/दार्शनिक महिमा नहीं है, यह तो सिर्फ एक उत्कृष्ट काव्य है और सामान्य जनता को आकर्षित करने के लिए बनाया गया है | तत्त्वज्ञान के पिपासुओं को इसमें नहीं उलझना चाहिए | दुनिया तो चमत्कारों के चक्कर में भी इसमें उलझी हुई है | लगे रहने दो उनको, इस बहाने कुछ तो करते हैं, कभी भविष्य में तत्त्वज्ञान भी प्राप्त कर लेंगे |
मुझे इनकी बात काफी कुछ समझ में आई, क्योंकि ये बहुत बड़े विद्वान् थे, शास्त्रों के गहरे अभ्यासी थे, परन्तु मन का समाधान मेरा अभी भी नहीं हुआ, क्योंकि मुझे अन्दर से कहीं ऐसा लगता था कि अवश्य ही इस स्तोत्र में कुछ बड़ी बात होनी चाहिए | और मेरा चित्त बहुत परेशान रहता था |
भक्तामर स्तोत्र को पढ़ते समय इसका काव्यत्व, इसकी उपमाएँ आदि तो मुझे भी बहुत आकर्षित करती थीं, मैं इसके काव्यत्व का दीवाना ही था, पर इस काव्यत्व के कारण ही यह स्तोत्र इतना महान् माना जाए -यह बात मेरे हृदय को कभी नहीं जंची |
आखिरकार एक दिन, राजा भोज का इतिहास पढ़ते हुए, मेरा ध्यान पुनः अड़तालीस ताले वाली घटना पर अटक गया, क्योंकि भक्तामर स्तोत्र की महिमा के सम्बन्ध में जिससे भी पूछो वही यह कथा बताता था और पुस्तकों में भी सर्वत्र यही कथा लिखी रहती थी | मुझे लगा कि जरूर इस कथा में ही कुछ रहस्य छिपा हुआ है । बहुत डूबने के बाद अन्त में मुझे उसका जो लाक्षणिक निहितार्थ समझ में आया तो मैं कितना अधिक आनन्दित हुआ -यह आपको कैसे भी नहीं बता सकता | मुझे अपूर्व आनन्द की प्राप्ति हुई | मुझे लगा- मेरा सारा मस्तिष्क परिवर्तित हो गया है।
दरअसल, हम सब अड़तालीस ताले की इस घटना को अभिधा रूप में ही समझते-समझाते चले आ रहे हैं, वैसे ही चित्र भी हमने सर्वत्र दीवारों आदि पर बनवा दिये हैं कि मानतुंग आचार्य को राजा भोज ने बेड़ियों में बुरी तरह जकड़ कर बांध दिया है और वे अड़तालीस तालों की काल-कोठरी में बैठकर भक्तामरस्तोत्र लिख रहे हैं | हमने कभी इसके लाक्षणिक अर्थ की ओर ध्यान ही नहीं दिया | हम ज्ञानियों के कथनों के केवल शब्द पकड़ना जानते हैं, उनमें छुपा गूढ़ आशय समझने की कोशिश नहीं करते | जबकि भारतीय परम्परा में ऐसे असंख्य प्रयोग साहित्य में उपलब्ध होते हैं | यहाँ स्थानाभाव से अभी उनकी चर्चा नहीं करते हैं | जिज्ञासु जन मेरे अन्य निबन्ध ‘रामकथा के विशिष्ट प्रयोग’, ‘जैन-कथा-साहित्य के विशिष्ट प्रयोग’, ‘अर्थोद्धाटन’ आदि का अवलोकन करें |
तो आइए, अभी हम यहाँ भक्तामरस्तोत्र के सम्बन्ध में प्रचलित अड़तालीस ताले वाली घटना का लाक्षणिक निहितार्थ समझने का प्रयास करते हैं | इसमें मैं कुछ अपनी कल्पना भी बात को भलीभांति स्पष्ट करने के लिए मिला रहा हूँ।
भक्तामरस्तोत्र का रचनाकाल (विक्रम की सातवीं शताब्दी से लेकर दसवीं शताब्दी तक जो भी हो) भारतवर्ष में दर्शनशास्त्र का स्वर्णयुग था | उस समय दर्शनशास्त्र अपनी सर्वोच्च स्थिति में था | उस युग में सभी सम्प्रदायों में एक से बढकर एक दार्शनिक उत्पन्न हो रहे थे | वे तर्क की प्रतिष्ठा को बहुत बढ़ा रहे थे | न्यायशास्त्र बहुत अधिक विकसित हो रहा था | चारों ओर खूब शास्त्रार्थ हो रहे थे | सर्वत्र बौद्धिकता का साम्राज्य स्थापित हो रहा था | छोटे-छोटे मतभेदों के कारण समाज में नित्य नये-नये सम्प्रदाय-उपसम्प्रदाय जन्म ले रहे थे | तत्त्वनिरूपण में अनेकानेक वाद स्थापित हो रहे थे- द्वैतवाद, अद्वैतवाद, नित्यवाद, क्षणिकवाद, भाववाद, अभाववाद, सत्कार्यवाद, असत्कार्यवाद, अनात्मवाद, शून्यवाद, उच्छेदवाद, ब्रह्मवाद, मायावाद आदि | पुनश्च, इनमें भी एक-एक में से अनेक शाखाएँ विकसित हो रही थीं | जैसे कि अद्वैतवाद में भी अनेक प्रकार के अद्वैत बन गये थे- ब्रह्माद्वैत, विशिष्टाद्वैत, शब्दाद्वैत, विज्ञानाद्वैत, चित्राद्वैत, शून्याद्वैत आदि |
ऐसी स्थिति में सामान्य व्यक्ति, अल्पबुद्धि जनता बहुत असमंजस में पड़ गई | बहुत तर्क करना उसके वश का नहीं था | कौन विद्वान् सत्य है और कौन असत्य, यह निर्णय करने की भी उसमें क्षमता नहीं थी | वह धर्म के लिए क्या करे, किसकी माने, उसकी कुछ समझ में नहीं आ रहा था |
ऐसी स्थिति में एक दिन राजा भोज ने सभी दार्शनिकों को अपने दरबार में आमंत्रित किया होगा और समुचित निष्कर्षरूप समाधान प्रस्तुत करने को कहा होगा, किन्तु वहाँ भी वे सब दार्शनिक विविध तर्कों द्वारा अपने-अपने वाद को ही सत्य और अन्य के वाद को असत्य सिद्ध करने में लगे रहे होंगे |
बहुत अधिक प्रयास करने पर भी राजा भोज की विश्वविख्यात विद्वत्सभा में भी उनका कोई समाधान नहीं निकल पा रहा होगा | अन्त में राजा भोज ने आचार्य मानतुंग को बुलाकर उनको ही यह गुरुतर दायित्व सौंपा होगा, कहा होगा कि अब आपको ही इन 48 मत-मतान्तरों की उलझन को सुलझाना है |
आचार्य मानतुंग स्वामी ने जब सभी दार्शनिकों का पक्ष (वाद-विवाद) सुना तो वे समझ गये कि उनका सारा वाद-विवाद निरर्थक एवं अनर्थक है | निरर्थक इसलिए, क्योंकि अचिन्त्य अवाच्य तत्त्व को कहने की कोशिश की जा रही है और अनर्थक इसलिए, क्योंकि इससे कषाय बढ़ रही है | वे यह भी समझ गये कि सबके द्वारा प्रतिपादित तत्त्व एक ही है, केवल उसकी विवक्षाएँ अलग-अलग हैं, जिनका समन्वय नहीं किया जा रहा है, अपितु आग्रह/दुराग्रह किया जा रहा है; परन्तु किससे कैसे क्या कहें, सब तो अहंकार में चकचूर हैं।
आचार्य मानतुंग स्वामी का हृदय करुणा से भर गया | वे बहुत ही गहरे चिन्तन में डूब गये | सोचने लगे कि अहो, सामान्य लोगों ने तो धर्म को आडम्बरों में छुपा ही रखा है, बड़े-बड़े विद्वानों ने भी उसे वाद-विवाद की भूलभुलैया में उलझा रखा है | कितने आश्चर्य की बात है कि जो दर्शनशास्त्र/न्यायशास्त्र सुलझाने के लिए बना है, लोग उसी से उलझने-उलझाने का कार्य भी कर रहे हैं | जो धर्म सर्व आकुलताओं (दुखों) को दूर करने के लिए बना है, लोग उसी से स्वयं को और पर को आकुलता उत्पन्न कर रहे हैं |
आखिरकार आचार्य मानतुंग स्वामी ने एक ऐसी विधि से भक्तामर स्तोत्र की रचना की, जिसमें किसी को कोई विवाद या आपत्ति नहीं हो सकती | भक्तामर स्तोत्र में उन्होंने व्यक्ति, जाति, लिंग, वर्ण आदि सभी सीमाओं से पार उस अनन्त अचिन्त्य अव्यय परमात्मा की आराधना प्रस्तुत की जिसे ब्रह्मा, विष्णु, शिव, ईश्वर, योगीश्वर, पुरुषोत्तम, बुद्ध, जिनेन्द्र आदि हजारों नामों से पुकारा जा सकता है | उनके अनुसार नाम में कोई आपत्ति नहीं है, परन्तु होना वह ‘ज्ञानस्वरूपममलं’ अर्थात् वीतराग-सर्वज्ञ (ज्ञानस्वरूप=सर्वज्ञ, अमल=वीतराग) ही होना चाहिए, कथमपि रागद्वेषादि से सहित नहीं होना चाहिए | यथा-
“त्वामव्ययं विभुमचिन्त्यमसंख्यमाद्यं, ब्रह्माणमीश्वरमनन्तमनंगकेतुम् |
योगीश्वरं विदितयोगमनेकमेकं, ज्ञानस्वरूपममलं प्रवदन्ति सन्तः ॥ 24 ॥"
यही कारण है कि जो जीव एक बार ऐसे वीतराग-सर्वज्ञ देव को देख लेता है, जान लेता है, वह कभी भी, स्वप्नांतर में भी, भवान्तर में भी (स्वप्नांतरेsपि, भवान्तरेsपि) रागद्वेषादि-सहित देवों के प्रति आकर्षित नहीं हो सकता | सत्य ही है, क्या कोई व्यक्ति क्षीरसागर का अमृत पीने के बाद क्षार समुद्र का जल पिएगा ? कभी नहीं | क्या कभी काच का टुकड़ा मणि की बराबरी कर सकता है ? कभी नहीं | (देखें छन्दसंख्या 11 एवं 20 )
आचार्य मानतुंग स्वामी के अनुसार ऐसा परमवीतराग परमसर्वज्ञ परमात्मा ही सच्चा सूर्य है, सच्चा चन्द्र है, सच्चा दीपक है, क्योंकि वह बिना किसी बाधा/सहायता के सर्व लोक को प्रकाशित करता है | उस परमात्मा के समक्ष बाहरी सूर्य, चन्द्र, दीप आदि का कोई महत्त्व नहीं है | बस एक यह परमात्मा ही हमें भवसमुद्र से पार उतारने में समर्थ है | यही एक सच्चा आलम्बन है- ‘आलम्बनं भवजले पततां जनानाम्’ |
आचार्य मानतुंग स्वामी के अनुसार ऐसे परमात्मा का भक्त अत्यंत नि:शंक निर्भय भी हो जाता है | उसे अत्यंत विषम परिस्थिति में भी किंचित् भी कोई कष्ट नहीं होता, चाहे आग हो या नाग, चाहे हस्ति हो सिंह, चाहे युद्ध हो या भयंकर रोग | वह तो सदा शान्त एवं प्रसन्न ही रहता है, कभी भी किंचित् भी अशान्त या भयभीत नहीं होता | उससे तो बल्कि सारे भय ही स्वयं भयभीत होकर दूर भाग जाते हैं |
आचार्य मानतुंग स्वामी के अनुसार ऐसे वीतराग-सर्वज्ञ परमात्मा का भक्त अन्त में स्वयं भी मृत्यु को जीतकर स्वाधीन सर्वोच्च लक्ष्मी की प्राप्ति कर लेता है, अनन्तानन्त काल के लिए स्वयं भी ‘ज्ञानस्वरूपममलं’ बन जाता है | ( त्वामेव सम्यगुपलभ्य जयन्ति मृत्युं/ तुल्या भवन्ति भवतो ननु तेन किंवा/ तं मानतुंगमवशा समुपैति लक्ष्मीः -छन्दसंख्या 23, 10, 48 )
इस प्रकार आचार्य मानतुंग स्वामी ने धर्म की एकदम मूलभूत बात को लेकर एक ऐसी सर्वमान्य विधि से भक्तामरस्तोत्र की रचना की, जिसमें किसी को भी किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हो सकता |
भक्तामरस्तोत्र को भलीभांति सुनने-समझने के बाद वहाँ उपस्थित सभी 48 तरह के दार्शनिकों ने एक स्वर में कहा कि यह तो एकदम सीधी-सच्ची एवं मूलभूत बात है, इसमें हमको क्या आपत्ति हो सकती है ? कोई आपत्ति नहीं है, यह हमें स्वीकार्य है | और सभी ने उसको सहर्ष स्वीकार कर लिया |
बस, इसी बात को जनता ने कहा होगा कि देखो राजा भोज ने मानतुंग स्वामी को 48 तालों में कैद कर दिया था और उन्होंने भक्तामरस्तोत्र की रचना करके उन 48 तालों को तोड़ गिराया |
48 की संख्या यहाँ एक मुहावरा भी हो सकता है | वैसे ही जैसे कि आजकल 36 का मुहावरा चलता है | कहते हैं न कि 36 मत हो रहे हैं। हो सकता है कि इसी बात को उस काल में 48 की संख्या से कहा जाता हो |
इसप्रकार हम देखते हैं कि भक्तामरस्तोत्र में कोई बड़ी-बड़ी दार्शनिक बातें नहीं की गई हैं, जैसी कि दर्शनशास्त्र एवं न्यायशास्त्र के ग्रन्थों में होती है, अपितु एकदम बुनियादी मूलभूत तत्त्व की सीधी-सादी काम की बात की गई है | भक्तामरस्तोत्र ने अपने पाठक को न तो किसी बाह्य आडम्बर में उलझाया है और न ही दर्शनशास्त्र के तर्क-वितर्क में, अपितु उसे एक ही संक्षिप्त एवं सारगर्भित (short and sweet) सन्देश दिया है कि येन केन प्रकारेण राग-द्वेषादि विकारों से ऊपर उठकर वीतरागता की आराधना करो | यही धर्म है, यही धर्म का मर्म है | शेष सब देश-काल-परिस्थिति के व्यवहार हैं और विभिन्न विवक्षाओं से की गई अभिव्यक्ति के खेलमात्र हैं, हमें उनमें अधिक नहीं उलझना चाहिए अथवा स्याद्वाद से उनका समाधान कर लेना चाहिए |
आशा है अब आप सबको भी अड़तालीस ताले वाली घटना का लाक्षणिक निहितार्थ समझ में आ गया होगा | मुझे तो जब से समझ में आया है, मेरा सारा दृष्टिकोण ही बदल गया है | मैं अब धर्म को किसी बाह्य क्रिया की कट्टरता में नहीं देखता हूँ और वाद-विवाद के घटाटोप में भी नहीं छुपने देता हूँ | मेरे सारे ताले टूट गये हैं | (ताले = बेड़ी, बन्धन, आग्रह, मताग्रह, सीमा, दायरा |)
और मैं समझता हूँ कि भक्तामर स्तोत्र इसी कारण से महान् है एवं इसीलिए सबको नित्य इसका पाठ करना चाहिए | पाठ करना चाहिए अर्थात् इस बात का सदैव स्मरण रखना चाहिए कि धर्म किन्हीं दायरों, सीमाओं में नहीं रहता, सीमातीत होता है; धर्म के नाम पर चल रही सभी बाह्य क्रियाएँ साधनमात्र हैं, साध्य नहीं, साध्य तो राग-द्वेष का अभाव है | इसी प्रकार दर्शन के नाम पर चल रहा बहुत सारा वाद-विवाद भी साधनमात्र ही है, साध्य नहीं, साध्य तो राग-द्वेष का अभाव है |
भक्तामर स्तोत्र की महानता यही है कि वह सर्व विवादों को नष्ट करता है अथवा सर्व विवादों के बीच भी हमें निर्विवाद रहने की कला सिखाता है | शिक्षा देता है कि मूल मुद्दे की प्रयोजनभूत बात को समझ लो, शेष अप्रयोजनभूत बात समझ में आ जाए उतनी समझ लो, वरना किसी बड़े ज्ञानी के लिए छोड़ दो अथवा भविष्य में जब हमें विशेष ज्ञान होगा, तब के लिए छोड़ दो, अभी आग्रह करके कषाय मत बढाओ | अभी से स्वयं को बहुत बड़ा ज्ञानी मत समझो | समस्या तभी शुरू होती है जब हम स्वयं को बहुत बड़ा ज्ञानी समझ लेते हैं, साधक होते हुए भी स्वयं को सिद्ध समझने लगते हैं |
यही कारण है कि आचार्य मानतुंग स्वामी ने अपनी बात कहने से पूर्व अनेक श्लोकों में तरह-तरह से जोर देकर यही कहा कि मैं तो अल्पश्रुत हूँ, श्रुतवानों का परिहासधाम हूँ, कुछ भी नहीं कह सकता हूँ, उसे कहने की मेरी सारी कोशिश उस बालक जैसी है जो जलस्थित चन्द्रबिम्ब को पकड़ने की कोशिश करता है, इत्यादि | उनकी ये बातें बहुत ही महत्त्वपूर्ण हैं, बड़ा गहरा सन्देश देती हैं | काश, हम सब उसे समझें !
सहज सरल जीवन की पोथी,
बड़ा कठिन अनुवाद हो गया |
पद पद के लघु विश्रामों पर,
कैसा घोर विवाद हो गया || पिताजी की कहानियाँ
शब्द मत पकड़ो, उनका आशय समझो
कहानी नम्बर 1
सेठ जिनदत्त के चार पुत्र थे । उन्होंने जीवन भर पिता की शिक्षाओं पर ध्यान नहीं दिया । पिता का अंतिम समय आ गया । पुत्र बोले- पिताजी ! आप तो जा रहे हो, हमारा क्या होगा, हमने तो आपसे कुछ सीखा ही नहीं है । पिताजी बोले- क्या करूँ बेटा, मैंने तुमसे बहुत कहा था, पर तुमने ध्यान ही नहीं दिया । खैर, अब सुनो, नित्य दुकान पर छाया में जाना, छाया में आना और खूब मीठा खाना, सुखी रहोगे । सेठजी चले गये ।
अब चारों पुत्र छाता लेकर दुकान पर जाते, छाता लेकर वापिस आते, अपने शरीर पर सूर्य की एक भी किरण नहीं पड़ने देते और लौटते समय हलवाई की दुकान से बहुत सारी मिठाइयाँ खरीदकर लाते और घर पर बैठकर खूब खाते ।
परन्तु यह क्या, उन्हें तो कोई लाभ नहीं हुआ, न तो दुकान ही जमी, न ही स्वास्थ्य ।
एक दिन उन्हें अपने पिताजी के मित्र मिले । उन्होंने सारी बात उनको बताई । वे बोले- अरे बेटा, तुम पिताजी की बात का आशय नहीं समझे, खाली शब्द पकड़कर बैठ गये, इससे तुम्हारा भला नहीं होगा । देखो सुनो, ‘छाया में जाना, छाया में आना, खूब मीठा खाना’ -इस कथन से तुम्हारे पिताजी का आशय था कि प्रातःकाल सूर्योदय से पूर्व दुकान पर चले जाना और सायंकाल सूर्यास्त के बाद ही घर लौटना, दुकान पर बहुत अधिक परिश्रम करना और उसके बाद ही भोजन करना, ताकि मीठा (सरस, स्वादिष्ट) लगे ।
पुत्र अब पिताजी का आशय समझे और उनका जीवन सुखमय हो गया ।
कहानी नम्बर 2
सेठ अर्हद्दास के भी चार पुत्र थे । उन्होंने भी जीवन भर पिता की शिक्षाओं पर ध्यान नहीं दिया । पिताजी का अंतिम समय आ गया । पुत्र बोले- पिताजी ! आप तो जा रहे हो, हमारा क्या होगा ? पिताजी बोले- चिंता मत करो बेटा, मैंने तुम्हारे लिए मन्दिर के शिखर के नीचे धन गाढ़कर रखा है, भाद्रपद शुक्ला पंचमी को दोपहर में तीन बजे खोदकर निकाल लेना, सुखी रहोगे । सेठजी चले गये ।
भाद्रपद शुक्ला पंचमी को दोपहर में तीन बजने से पहले ही चारों पुत्र मन्दिर पहुँच गये और मन्दिर के शिखर को तोड़ने की तैयारी करने लगे । तुरंत सारी समाज इकट्ठी हो गई । झगड़ा होने लगा । पुत्र कहते थे कि शिखर के नीचे हमारे पिताजी ने धन गाढ़ा है, हम निकालेंगे और समाज कहती थी कि तुम्हें मन्दिर का शिखर नहीं तोड़ने देंगे ।
आखिरकार एक वयोवृद्ध व्यक्ति ने सबको शान्त कराकर पूरी बात ठीक से समझाई कि ‘शिखर के नीचे’ का अर्थ है- ‘शिखर की छाया के नीचे’, तभी तो उसमें दिन एवं समय का भी उल्लेख किया गया है ।
इसके बाद पृथ्वी पर उस जगह खुदाई की गई, जहाँ शिखर की छाया पड़ रही थी । वहाँ पिताजी का गाढ़ा हुआ खजाना मिल गया और पुत्र प्रसन्न हो गये ।