बनारसीदास को ऐसे नहीं, ऐसे पढ़िये
-प्रो. वीरसागर जैन
कविवर बनारसीदास को इस वर्ष ४०० वर्ष पूरे हो रहे हैं । अखिल भारतीय जैन युवा फैडरेशन के आह्वान पर देश भर में इस वर्ष को ‘कविवर बनारसीदास वर्ष’ के रूप में मनाने की लहर-सी आयी हुई है। बनारसीदास को विविध आयामों से परखा जा रहा है । उनके समस्त व्यक्तित्व और कर्तृत्व का ही एक तरह से पुनरवलोकन किया जा रहा है। समालोचकों द्वारा कविवर की कृतियों की साहित्यिक समीक्षाएँ, समालोचनाएँ प्रस्तुत की जा रही हैं।
अधिकांश लेखकों का लगभग एक यही प्रतिपाद्य दिखाई दे रहा है कि कविवर बनारसीदास का हिन्दी-साहित्य के विकास में बड़ा योगदान है और हिन्दी-साहित्य के इतिहासकारों को उसे स्वीकार करना चाहिए । किन्तु मेरे अनुसार- इस सुसिद्ध बात को सिद्ध करने में समय और शक्ति लगाने की अब कोई आवश्यकता नहीं है। कविवर का हिन्दी-साहित्य के इतिहास में स्थान अवश्य है, उसे कोई नकार नहीं सकता। साहित्येतिहासकार भी अब इसे निःसंकोच स्वीकार करते हैं। किसी दुराग्रहग्रस्त साहित्येतिहासकार की बात अलग है। वह यदि अपने इतिहास-ग्रन्थ में कविवर को स्थान न दे तो इससे क्या फर्क पड़ता है? इतिहास में स्थान दिया नहीं जाता है, होता है, साहित्य एवं साहित्यकार द्वारा स्वयं प्राप्त किया जाता है। कविवर बनारसीदास ने भी हिन्दी-साहित्य के इतिहास में स्थान स्वयं बनाया है। उन्हें किसी ने स्थान दिया नहीं है, जिसे कोई छीन सके। कोई साहित्येतिहासकार किसी भी साहित्यकार को इतिहास में स्थान दिला नहीं सकता है, छीन भी नहीं सकता है। वह तो मात्र स्वीकार करता है। और इसी में उसका सच्चा साहित्येतिहासकारपना निहित है। सीधी-सी बात है कि जिन्होंने हिन्दी-साहित्य के क्षेत्र में कार्य किया है, उन सबका हिन्दी-साहित्य के इतिहास में स्थान है। ठीक उसीप्रकार, जिसप्रकार जिन्होंने संस्कृत साहित्य में कार्य किया है, उन सबका संस्कृत-साहित्य के इतिहास में और जिन्होंने अंग्रेजी-साहित्य में कार्य किया है, उन सबका अंग्रेजी-साहित्य के इतिहास में स्थान है। बनारसीदास ने हिन्दी-साहित्य में कार्य किया है, अतः हिन्दी-साहित्य के इतिहास में उनका स्थान भी है। हाँ, कतिपय हिन्दी-साहित्य के इतिहास से सम्बन्धित ग्रंथों में उनका उल्लेख अवश्य नहीं मिलता है, किन्तु इससे यह कहाँ सिद्ध होता है कि हिन्दी-साहित्य के इतिहास में कविवर का स्थान नहीं है, इससे तो बल्कि यह सिद्ध होता है कि यह इतिहास-ग्रन्थ अपूर्ण है, असत्य है; क्योंकि जिस इतिहास-ग्रन्थ में कविवर बनारसीदास जैसे महत्त्वपूर्ण साहित्यकार का उल्लेख नहीं हो, सम्भव है उसमें और भी अनेक प्रमुख-अप्रमुख हिन्दी-साहित्यकारों का उल्लेख रह गया हो।
कविवर बनारसीदास हिन्दी-साहित्य की ‘आत्मकथा’ विधा के आद्य प्रवर्तक हैं। उनका ‘अर्द्धकथानक’ हिन्दी-साहित्य की प्रथम आत्मकथा होते हुए भी अद्यावधि उपलब्ध आत्मकथाओं में मूर्धन्य आत्मकथा स्वीकार की गयी है। ‘परमार्थवचनिका’ और ‘उपादान-निमित्त की चिट्ठी’ कविवर का ४०० वर्ष पूर्व का गद्य-साहित्य का कार्य है। ऐसी स्थिति में हिन्दी साहित्य के इतिहास में कविवर का स्थान और भी अधिक रेखांकित हो उठता है। विचारणीय है कि किसी (आत्मकथा) विधा के आद्य प्रर्वतक का भी हिन्दी-साहित्य के इतिहास में स्थान न होगा तो फिर अन्य किसका होगा? या फिर ऐसा वह इतिहास-ग्रन्थ कितना विश्वसनीय होगा -यह सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।
दूसरी बात यह कि आखिर हमें कविवर को हिन्दी-साहित्य के इतिहास-ग्रन्थों में स्थान दिलाने की इतनी हबस क्यों हो? न मिले तो न मिले। उससे क्या फर्क पड़ता है? वे ही लोग कविवर के लाभ से वञ्चित रह जायेंगे। समझने की बात तो यह है कि हिन्दी-साहित्य के इतिहास में संभवतः बिहारी, केशव आदि से भी शीर्षस्थ स्थान सहज ही प्रदान कर देने वाली अपनी ‘नवरस’ रचना को कविवर ने स्वयं अपने हाथों से गौमती नदी में बहाकर नष्ट कर दी थी। निःसन्देह यदि कविवर को हिन्दी-साहित्य के इतिहास-ग्रन्थों में स्थान चाहिए ही होता तो वे अपनी ‘नवरस’ रचना को कभी नष्ट न होने देते । आत्मकथा भी उन्होंने इतिहासग्रन्थों में स्थान प्राप्त करने के लिए नहीं लिखी है।
इसलिए मेरे अनुसार अब कविवर को हिन्दी-साहित्य के इतिहास में स्थान दिलाने हेतु अपने अमूल्य समय एवं शक्ति का अपव्यय करना उचित नहीं है।
उचित-अनुचित की बात जाने भी दें तो इतना सुनिश्चित है कि वह कविवर बनारसीदास का उत्तम अध्ययन नहीं है। बनारसीदास को हिन्दी साहित्य के इतिहास में स्थान दिलाने वाला अध्ययन बनारसीदास के प्रति कृतज्ञता-ज्ञापन तो हो सकता है, अपनी करुणा की अभिव्यक्ति तो हो सकती है; किन्तु वह अध्ययन बनारसीदास का उत्तम अध्ययन कदापि नहीं कहा जा सकता है। बनारसीदास का उत्तम अध्ययन तो बनारसीदास के वाञ्छित प्रतिपाद्य को समझने का नाम ही है। बनारसीदास के ऐसे सम्यक् अध्ययन के पश्चात् ऐसा विचार तो आ जाता है कि हिन्दी-साहित्य के इतिहास में कविवर का स्थान तो है ही, काफी महत्त्वपूर्ण भी है; काश, वह स्थान चन्दवरदाई, कबीर, तुलसी, बिहारी और प्रसाद या प्रेमचन्द की तरह रेखांकित भी हुआ होता तो कविवर से और अधिक लोग लाभान्वित हो सकते होते । बहरहाल, वह कविवर का अभीष्ट प्रतिपाद्य न होने से कविवर का अध्ययन नहीं है, अतः निवेदन है कि बनारसीदास को ऐसे मत पढ़िए । पढ़िए भी तो उसे बनारसीदास का समीचीन अध्ययन मानने की भारी भूल कभी मत कीजिए।
कविवर का ‘समयसार नाटक’ प्रस्तुत विविध समीक्षाओं की प्रमुख कसौटी बन बन रहा है। कारण स्पष्ट है- यह कविवर की श्रेष्ठ और सर्वाधिक प्रसिद्ध आध्यात्मिक सरस रचना है। ‘बनारसीदास वर्ष’ के बहाने इसका विविध आयामी अध्ययन विशेषतः देखने में आ रहा है। अलंकार-योजना, दृष्टान्त-योजना, रस-योजना, छन्द-विधान, काव्यात्मकता आदि अनेक शीर्षकों से इस पर बहुत लिखा जा रहा है। उपरि-निर्दिष्ट लाभ को दृष्टि में रखकर ऐसे अध्ययन की भी प्रशंसा तो की जा सकती है, परन्तु वस्तुतः यह भी कविवर बनारसीदास का अध्ययन नहीं है, क्योंकि छन्दालंकार-प्रधान काव्यात्मकता या साहित्यिकता कविवर का प्रतिपाद्य नहीं है। इस सम्बन्ध में भी ‘नवरस’ रचना से सम्बन्धित वही तर्क दोहराया जा सकता है। निःसन्देह यदि छन्दालंकार-प्रधान काव्यात्मकता ही कविवर का प्रतिपाद्य होता तो वे अपनी ‘नवरस’ रचना को कभी नष्ट न होने देते। अतः पुनः निवेदन है कि कविवर को छन्दालंकार-प्रधान काव्यात्मकता की दृष्टि से भी मत पढ़िए।
‘समयसार नाटक’ का अध्ययन प्रस्तुत करनेवालों ने एक प्रश्न और उठा रखा है कि क्या ‘समयसार नाटक’ नाटक है ? यदि है, तो उसमें नाटकीय तत्त्वों - अर्थप्रकृतियाँ, संधियाँ, कार्यावस्थाएँ, संकलनत्रय, संवाद, पात्र योजना, अभिनेयता आदि - का निर्वाह क्यों नहीं किया गया है? और यदि यह नाटक नहीं है तो इसका नाम नाटक क्यों है? नाटक नाम होकर भी यदि यह नाटक नहीं है तो यह कोई उपयोगी वस्तु ही नहीं है।
इस सन्दर्भ में एक ही बात कहनी है कि यदि ‘समयसार नाटक’ को उपयुक्त नाटकीय तत्त्वों की कसौटी पर कसा जावे तो हिन्दी-साहित्य की दृश्य विद्या ‘नाटक’ से इसका कोई सम्बन्ध नहीं है। यह उस अर्थ में नाटक नहीं ही है। प्रश्न है कि फिर कविवर ने इसे नाटक कहा क्यों? इसलिए कि यह वस्तुतः नाटक है। वस्तुतः ‘नाटक’ से तात्पर्य यह है कि नाटक की यह अनन्य विशेषता है कि वहाँ जो जिस रूप में होता है, वह उस रूप में न दिखाई देकर अन्य रूप में दिखाई देता है। ‘समयसार नाटक’ में यही स्थिति है। यहाँ अज्ञानी को जीव जीवरूप में, अजीव अजीवरूप में दिखाई न देकर जीव अजीवरूप में, अजीव जीवरूप में, आस्रव-बंध संवर-निर्जरा के रूप में दिखाई दे रहे हैं। तब फिर ‘समयसार नाटक’ नाटक क्यों न हो? कविवर के अनुसार यहाँ जीवरूपी नट बहुत ही विलक्षण नाटक करने वाला है। उसकी एक सत्ता में अनन्त गुण है, प्रत्येक गुण में अनन्त पर्याय है, प्रत्येक पर्याय में अनन्त नृत्य है, प्रत्येक नृत्य में अनन्त खेल हैं, प्रत्येक खेल में अनन्त कलाएँ हैं और प्रत्येक कला की अनन्त आकृतियाँ हैं।
तैसे एक सत्ता में अनंत गुण परजाय,
पर्ज में अनंत नृत्य तामेंऽनंत ठट हैं।
ठट में अनंतकला कला में अनंत रूप,
रूप में अनंत सत्ता, ऐसो जीव नट है।।
इसप्रकार स्पष्ट है कि ‘समयसार नाटक’ नाटक न होकर भी वस्तुतः नाटक है। इसका ‘नाटक’ नाम अनुचित नही, अर्थगभित है। कुछ लोग नाटक विधा के अनुरूप न होने से इसे प्रबन्ध काव्य कहते हैं। बहरहाल जो भी हो, इतना तो सुनिश्चित है कि ‘समयसार नाटक’ नाटक है या नहीं अथवा नाटक है या प्रबन्ध काव्य-इस पचड़े में पड़कर भी हम कविवर के वाञ्छित प्रतिपाद्य से दूर ही रहेंगे, अतः हमें चाहिए कि इस विवाद में भी न पड़कर हम अपनी दृष्टि पैनी करके कविवर के वाञ्छित प्रतिपाद्य को ग्रहण करने का प्रयास करें।
इसीप्रकार कविवर की भाषा-शैली में भी माथा मारने की आवश्यकता नहीं है। भाषा-शैली कविवर के यहाँ भावाभिव्यक्ति के माध्यम के रूप में ही है, इससे अधिक बिलकुल नहीं।
कतिपय महानुभाव कविवर का अध्ययन पाण्डित्य-प्रदर्शन के लिए ही करते हैं। ‘समयसार नाटक’ के मधुर-मधुर कवित्त-सवैये उनके पाण्डित्य-प्रदर्शन में खूब मदद भी करते हैं। कहना न होगा कि ऐसा अध्ययन भी वस्तुतः कार्यकारी नहीं होता।
अतः मेरे अनुसार, अलंकार योजना, छन्द-योजना, काव्यरूपत्व, भाषाशैली, पाण्डित्य-प्रदर्शन आदि की स्थूल दृष्टि से कविवर की आध्यात्मिक रचनाओं का अध्ययन करना अधिक समझदारी नहीं है। कारण? कविवर का प्रतिपाद्य यह सब कुछ नहीं है। कविवर का वांछित प्रतिपाद्य तो यह है-
बानारसी कहै भैया भव्य सुनो मेरी सीख,
कैहूं भांति कैसेहूं के ऐसौ काजु कीजिए।
एकहूं मुहूरत मिथ्यात की विधुंस होइ,
ग्यान कौं जगाई अंस हंस खोजि लीजिए।।
वाही कौ विचार वाको ध्यान यहै कौतूहल,
यौंही भरि जनम परम रस पीजिए।
तजि भववास कौ विलास सविकार रूप,
अंतकरि मोह को अनंतकाल जीजिए।।
कैसी अचरज की बात है कि जो कविवर हमें कैसे भी करके मिथ्यात्व का विनाश करने की और ज्ञानहंस को जगाने का प्रेरणा दे रहे हैं, हम उसे अपेक्षित कर बैठे हैं और ऊपरी ताम-झाम में ही रीझ गये हैं। कहने लगे है - वाह ! क्या सवैया लिखा है ! कैसी रमणीय अलंकार छटा है! धन्य है बनारसीदासजी! सचमुच कविवर हो!
पता नहीं हम कविवर की ‘कैहूं भांति कैसेहू के ऐसौ काजु कीजिए’ बात को क्यों गम्भीरता से नहीं लेते हैं? सचमुच कविवर कितनी करुणा से प्रेरणा दे रहे हैं, भव-विलास का अन्त करके अनंतकाल जीने की कला सिखा रहे हैं।
और भी देखिए-
भैया जगवासी तू उदासी ह्वैकै जगतसौ,
एक छ महीना उपदेस मेरौ मानु रे।
और संकलप विकलप के विचार तजि,
बैठिकै एकंत मन एक ठौर आनु रे।।
तेरौ घट सर तामैं तू ही है कमल ताकौ,
तू ही मधुकर ह्वै सुवास पहिचानु रे।
प्रापति न ह्वै है कछु ऐसौ तू विचारतु है,
सही ह्वै है प्रापति सरूप यौंही जानु रे।।
यहाँ भी परमकरुणापूर्वक कविवर ने यही कहा है कि है भैया जगवासी! तू तो जगत् से उदास हो जा और व्यर्थ के संकल्प-विकल्पों को छोड़कर अपने हृदय-समुद्र में स्थित आत्मकमल की सुगन्ध पहचान ले, उसका मधुकर बन जा।
कविवर के वांछित प्रतिपाद्य को उत्कृष्ट रूप से व्यक्त करने वाला एक छन्द और द्रष्टव्य है-
सदगुरु कहै भव्यजीवन सौं, तोरहु तुरित मोह की जेल।
समकित रूप गहौ अपनौ गुन, करहु सुद्ध अनुभव की खेल।।
पुदगलपिंड भाव रागादिक, इनसौं नहीं तुम्हारो मेल।
ए जड़ प्रगट गुपत तुम चेतन, जैसे भिन्न तोय अरु तेल।।
कवि के उपर्युक्त कथनों से यह बात बिलकुल स्पष्ट है कि कविवर का वांछित प्रतिपाद्य आत्महित ही है। अतः बनारसीदास का सम्यक् अध्ययन आत्महित करना ही है।
अतः अन्त में पुनः यही निवेदन है कि हम कविवर को साहित्येतिहासकारों और तथाकथित काव्यरसिकों की दृष्टि से नहीं, आत्महित की दृष्टि से पढ़ें, ताकि कविवर का वांछित प्रतिपाद्य समझ सकें, भवविलास से छूटकर अनंतकाल जीने की कला सीख सकें।
पाद-टिप्पणी-
- समयसार नाटक, अन्तिम प्रशस्ति छन्द
- समयसार नाटक, जीव द्वार, छन्द २४
- समयसार नाटक, अजीव द्वार छन्द, ३
- समयसार नाटक, जीव द्वार, छन्द, १२
खोज: बनारसीदास को ऐसे नहीं, ऐसे पढिये, बनारसीदास को ऐसे नहीं, ऐसे पढ़िये, Banarasidas Ko Aise Nahin Aise Padiye