बाईस परीषह (क्षुधा तृषा हिम ऊश्न) | Baees Parishah (Kshudha Trisha Him Ushn)

(छन्द-छप्पय)
क्षुधा तृषा हिम ऊश्न डंसमसक दुख भारी।
निरावरण तन-अरति वेद-उपजावन नारी॥
चरया आसन शयन दुष्ट वायक बधबन्धन।
याचैं नहीं अलाभ रोग तृण परस होय तन॥
मल जनित मान सनमान वश प्रज्ञा और अज्ञान कर।
अदर्शन मलीन बाईस सब साधु परीषह जान नर॥

(दोहा)
सूत्र पाठ अनुसार ये, कहे परीषह नाम।
इनके दुख को मुनि सहैं, तिन प्रति सदा प्रणाम॥

( 1 ) क्षुधा परीषह
अनसन ऊनोदर तप पोषत, पक्ष मास दिन बीत गये हैं।
जो नहिं बने योग्य भिक्षाविधि, सूख अंग सब शिथिल भये हैं॥
तब तहाँ दुस्सह भूख की वेदन, सहत साधु नहिं नेक नये हैं।
तिनके चरण कमल प्रति प्रतिदिन, हाथ जोड़ हम शीश नये हैं॥

( 2 ) तृषा परीषह
पराधीन मुनिवर की भिक्षा, पर घर लेंय कहैं कुछ नाहीं।
प्रकृति विरुद्ध पारणा भुंजत, बढ़त प्यास की त्रास तहाँ ही॥
ग्रीष्म काल पित्त अति कौपै, लोचन दोय फिरे जब जाहीं।
नीर न चहैं सहैं ऐसे मुनि, जयवन्ते वर्तो जग माहीं॥

( 3 ) शीत परीषह
शीत काल सबही जन कम्पत, खड़े तहाँ वन वृक्ष डहे हैं।
झंझा वायु चलै वर्षा ऋतु, वर्षत बादल झूम रहे हैं॥
तहाँ धीर तटनी तट चौपट, ताल पाल पर कर्म दहे हैं।
सहैं संभाल शीत की बाधा, ते मुनि तारण-तरण कहे हैं॥

( 4 ) उष्ण परीषह
भूख प्यास पीड़ै उर अंतर, प्रजुलैं आँत देह सब दागै।
अग्नि सरूप धूप ग्रीषम की, ताती वायु झालसी लागै॥
तपैं पहाड़ ताप तन उपजति, कोपै पित्त दाह ज्वर जागै।
इत्यादिक गर्मी की बाधा, सहैं साधु धीरज नहिं त्यागैं॥

( 5 ) डंसमसक परीषह
डंसमशक माखी तनु काटैं, पीड़ैं वन पक्षी बहु तेरे।
डसैं व्याल विषहारे बिच्छू, लगैं खजूरे आन घनेरे॥
सिंह स्याल सुंडाल सतावैं, रीछ रोझ दुःख देहिं घनेरे।
ऐसे कष्ट सहैं समभावन, ते मुनिराज हरो अघ मेरे॥

( 6 ) नग्न परीषह
अन्तर विषय वासना वरतै, बाहर लोक-लाज भयभारी।
यातैं परम दिगम्बर मुद्रा, धर नहिं सकैं दीन-संसारी॥
ऐसी दुर्द्धर नगन परीषह, जीतैं साधु शील व्रत धारी।
निर्विकार बालक वत् निर्भय, तिनके चरणों धोक हमारी॥

( 7 ) अरति परीषह
देश काल का कारण लहि कैं, होत अचैन अनेक प्रकारैं।
तब तहाँ खिन्न होत जगवासी, कल-मलाय थिरता पद छाड़ैं॥
ऐसी अरति परीषह उपजत, तहाँ धीर धीरज उर धारैं।
ऐसे साधुन को उर अन्तर, बसो निरन्तर नाम हमारैं॥

( 8 ) स्त्री परीषह
जो प्रधान केहरि को पकड़ै, पन्नग पकड़ पान से चापैं।
जिनकी तनक देख भौं बाँकी, कोटिन सूर दीनता जापैं॥
ऐसे पुरुष पहाड़ उड़ावन, प्रलय पवन तिय वेद पयापैं।
धन्य-धन्य वे सूर साहसी, मन सुमेर जिनका नहिं कापैं॥

( 9 ) चर्या परीषह
चार हाथ परवान परख पथ, चलत दृष्टि इत उत नहिं तानैं।
कोमल चरण कठिन धरती पर, धरत धीर बाधा नहिं मानैं॥
नाग तुरंग पालकी चढ़ते, ते सर्वादि याद नहिं आनैं।
यों मुनिराज सहैं चर्या दुख, तब दृढ़ कर्म कुलाचल भानैं॥

( 10 ) आसन परीषह
गुफा मसान शैल तरु कोटर, निवसैं जहाँ शुद्ध भू हेरैं।
परिमित काल रहैं निश्चल तन, बार-बार आसन नहिं फेरैं॥
मानुष देव अचेतन पशुकृत, बैठे विपति आन जब घेरैं।
ठौर न तजैं भजैं थिरता पद, ते गुरु सदा बसो उर मेरैं॥

( 11 ) शयन परीषह
जो प्रधान सोने के महलन, सुन्दर सेज सोय सुख जोवैं।
ते अब अचल अंग एकासन, कोमल कठिन भूमि पर सोवैं॥
पाहन खण्ड कठोर कांकरी, गड़त कोर कायर नहिं होवैं।
ऐसो शयन परीषह जीतैं, ते मुनि कर्म कालिमा धोवैं॥

( 12 ) आक्रोश परीषह
जगत जीव जावन्त चराचर सबके हित सबको सुखदानी।
तिन्हें देख दुर्वचन कहैं खल, पाखण्डी ठग यह अभिमानी॥
मारो याहि पकड़ पापी को, तपसी भेष चोर है छानी।
ऐसे वचन-बाण की बेला, क्षमा ढाल ओढ़ैं मुनि ज्ञानी॥

( 13 ) वध-बन्धन परीषह
निरपराध निर्बैर महामुनि, तिनको दुष्ट लोग मिल मारैं।
कोई खैंच खंभसै बाँधे, कोई पावक में परजारैं॥
तहाँ कोप करते न कदाचित्, पूरब कर्म विपाक विचारैं।
समरथ होय सहैं वध बंधन, ते गुरु भव-भव शरण हमारैं॥

( 14 ) याचना परीषह
घोर वीर तप करत तपोधन, भये क्षीण सूखो गल वांही।
अस्थि चाम अवशेष रहो तन, नसा जाल झलकै तिसमाहीं॥
औषधि असन पान इत्यादिक, प्राण जाएँ पर जाचत नाहीं।
दुर्द्धर अयाचीक व्रत धारैं, करैं न मलिन धरम परछाहीं॥

( 15 ) अलाभ परीषह
एक बार भोजन की बेला, मौन साध बस्ती में आवैं।
जो नहिं बनै योग्य भिक्षा विधि, तो महन्त मन खेद न लावैं॥
ऐसे भ्रमत बहुत दिन बीतैं, तब तप वृद्धि भावना भावैं।
यो अलाभ को परम परीषह, सहैं साधु सो ही शिव पावैं॥

( 16 ) रोग परीषह
वात पित्त कफ श्रोणित चारों, ये जब घटै बढ़ै तनु माहीं।
रोग संयोग शोक जब उपजत, जगत जीव कायर हो जाहीं॥
ऐसी व्याधि वेदना दारुण, सहैं सूर उपचार न चाहीं।
आतम लीन विरक्त देह सौं, जैनयती निज नेम निवाहहीं॥

( 17 ) तृण स्पर्श परीषह
सूखे तृण अरु तीक्षण कांटे, कठिन कांकरी पाय विदारैं।
रज उड़ आन पड़े लोचन में, तीर फाँस तनु पीर विथारैं॥
तापर पर-सहाय नहिं वांछत, अपने कर सैं काढ न डारैं।
यों तृण परस परीषह विजयी, ते गुरु भव-भव शरण हमारैं॥

( 18 ) मल परीषह
यावज्जीवन जल-न्हौन तजो जिन, नग्न रूप वन थान खड़े हैं।
चलै पसेव धूप की बेला, उड़त धूल सब अंग भरे हैं॥
मलिन देह को देख महा-मुनि, मलिन भाव उर नाहिं करैं हैं।
यो मल जनित परीषह जीतैं, तिनहिं हाथ हम शीस धरे हैं॥

( 19 ) सत्कार-पुरस्कार परीषह
जो महान विद्या निधि विजयी, चिर तपसी गुण अतुल भरे हैं।
तिनकी विनय वचन से अथवा, उठ प्रणाम जन नाहिं करे हैं॥
तो मुनि तहाँ खेद नहिं मानत, उर मलीनता भाव हरे हैं।
ऐसे परम साधु के अह-निशि, हाथ जोड़ हम पांय परे हैं॥

( 20 ) प्रज्ञा परीषह
तर्क छन्द व्याकरण कला निधि, आगम अलंकार पढ़ जानैं।
जाकी सुमति देख परवादी, विलखत होंय लाज उर आनैं॥
जैसे सुनत नाद केहरि का, वन गयंद भाजत भय मानैं।
ऐसी महाबुद्धि के भाजन, पर मुनीश मद रंच न ठानैं॥

( 21 ) अज्ञान परीषह
सावधान वर्ते निशि-वासर, संयम सूर परम वैरागी।
पालत गुप्ति गये दीरघ दिन, सकल संग ममता पर त्यागी॥
अवधिज्ञान अथवा मनपर्यय, केवल ऋद्धि न अजहूँ जागी।
यों विकल्प नहिं करैं तपो निधि, सो अज्ञान विजयी बड़भागी॥

( 22 ) अदर्शन परीषह
मैं चिरकाल घोर तप कीना, अजौं ऋद्धि अतिशय नहिं जागैं।
तप-बल सिद्ध होत सब सुनयत, सो कछु बात झूठ सी लागैं॥
यों कदापि चित में नहिं चिंतत, समकित शुद्ध शान्ति रस पागैं।
सोई साधु अदर्शन विजयी, ताके दर्शन से अघ भागैं॥

किस कर्म के उदय से कौन-कौन से परीषह होते हैं-
(सवैया)
ज्ञानावरणी तैं दोई प्रज्ञा अज्ञान होई,
एक महा मोह तैं अदर्शन बखानिये।
अन्तराय कर्म सेती उपजै अलाभ दुख,
सप्त चारित्र मोहनीय के बल जानिये॥
नगन निषध्या नारि मान-सन्मान गारि,
याचना अरति सब ग्यारह ठीक ठानिये।
एकादश बाकी रही वेदनीय उदय से कही,
बाईस परीषह उदय ऐसे उर आनिये॥

(छन्द-अडिल्ल)
एक बार इन माहिं एक मुनि के कही।
सब उनीस उत्कृष्ट उदय आवैं सही॥
आसन शयन विहार दोय, इन माहिं की।
शीत उष्ण में एक तीन ये नाहिं की॥


स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ १७५ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)