बड़े आश्चर्य की बात | Bade ashchary ki bat

बड़े आश्चर्य की बात है
रोज़ सवेरे पढ़कर अख़बार
दुनियाँ-भर की ख़बर रखता हूँ,
लेकिन अचरज देखो
अपने आप से बेख़बर रहता हूँ।
बड़े आश्चर्य की बात है!
भोग भोगता हूँ इतने,
खाता नित नए छप्पन पकवान,
लेकिन अपने आत्म की खुराक से
मैं अब तक अनजान।
बड़े आश्चर्य की बात है!
पास में अनमोल रत्नत्रय,
और बाहर पत्थरों के पीछे
उन्हें गँवा रहा हूँ।
देह मुझसे भिन्न है,
देह मिलना सज़ा है,
मैं सज़ा को ही सजा रहा हूँ।
बड़े आश्चर्य की बात है!
शरीर मुझसे भिन्न हैं,
पढ़ा है, बस ज्ञान में जानता हूँ।
चेतन तो छोड़ो,
मैं तो अचेतन को भी अपना मानता हूँ।
बड़े आश्चर्य की बात है!
जिनको समझते अपना हितैषी,
वे संसार बढ़ाने का साधन हैं।
जिनको परिवार कहते हैं,
वे तो भव-फेरों का कारण हैं।
बड़े आश्चर्य की बात है!
बीज बोता हूँ नीम का,
सोचता हूँ देगा मीठे-मीठे फल।
पाप पर पाप किए जा रहा हूँ,
सोचता हूँ पुण्य फलेगा
आज नहीं तो कल।
बड़े आश्चर्य की बात है!
सुख चाहता हूँ सच्चा,
दुःख के सब साधनों से
मैं मूर्ख महान्।
नहीं जानता,
मेरे भीतर ही है
मेरे सुख की खान।
बड़े आश्चर्य की बात है!
व्रत-जप, पूजा, स्वाध्याय करके
मानता खुद को धर्मात्मा बड़ा।
अरे! धर्म तो मेरा स्वभाव है,
सुख देता सत्धर्म सदा।
बड़े आश्चर्य की बात है!
दान देना चाहता हूँ,
उत्तम पात्र कहाँ हैं?
धर्म तो करना चाहता हूँ,
पर इस काल में वो बात कहाँ है?
अंतराय आदि कर्मों का जोर है,
सोचकर स्व को छल रहा हूँ।
बड़े आश्चर्य की बात है!
अपने ही बाँधे कर्मों का
फल पाता हूँ,
नाहक बेचारे कर्मों पर
दोष लगाता हूँ।
बड़े आश्चर्य की बात है!
जब तक प्रभु से मन ना मिला,
शुभभाव होते रहे,
मैं पूजा करता रहा।
मैं पुण्य कमाता रहा,
पर मेरा संसार बढ़ता रहा।
बड़े आश्चर्य की बात है!
ऐसा कोई क्षेत्र नहीं,
जिसको मैंने कभी छुआ नहीं।
देव, नारकी, मुनि, निगोदी
क्या-क्या मैं हुआ नहीं?
बड़े आश्चर्य की बात है!
सम्यक्त्व बिना सब शून्य है,
सम्यक्त्व बिना सब व्यर्थ।
अनशन, तप किए बहुत
इकाई बिना शून्य का
क्या अर्थ?
बड़े आश्चर्य की बात है!
समय रहते चेत जा,
बहुत कुछ करना है।
बहुत जिया है,
बहुत मरा है,
अब और नहीं मरना है।
जरा-क्षुधा-तृषा सब भस्म हो,
ऐसा कुछ करना है।
जानता हूँ अग्नि का स्वभाव उष्णता,
पानी का शीतलता है।
क्यों नहीं समझता,
लेकिन मेरा स्वभाव सहजता है?
बड़े आश्चर्य की बात है!
देव-शास्त्र-गुरु ने
मार्ग सच्चा बतलाया है।
बाहर में कुछ नहीं त्यागना,
बस श्रद्धा सही अपनाना है।
दिव्यध्वनि में अरिहंतों की
चर्चा होती है मेरी।
सुनकर भी अनसुनी करूँ,
इसलिए लगाता भव-फेरी।
बड़े आश्चर्य की बात है!
खुराक हो स्वाध्याय की,
नियम-संयम के वस्त्र।
रत्नत्रय रूपी आभूषण,
हो प्रज्ञा छैनी शस्त्र।
हर एक प्रसंग
सुखमय, दुःखमय
भेदज्ञान मंत्र फूँकना है।
दुर्लभ अवसर मिला है,
इसे ना अब चूकना है।
वैराग्य-प्रसंग अनेक मिले,
अनदेखा मत करना।
पुरुषार्थ तीव्र करना,
छलावों से खुद को मत ठगना।
जब प्रभु से मन मिल जाए,
अंदर में पूज्य की पूजा होगी।
व्यवहार चले या छूटे,
निश्चय पथ की प्राप्ति होगी।
रुचि पलटना है,
बस दिशा मोड़नी है।
अनादि की मिथ्या की
ये बेड़ी तोड़नी है।
है दुर्लभ नरतन,
संज्ञी पंचेंद्रियपना
इस भव में ही करना है।
ना बे-मतलब-सा जीना है अब,
ना बे-मतलब मरना है।
अनुकूलता है पूरी
धर्म, साधर्मी, जिनवाणी का साथ।
समवशरण अरिहंतों का मिली,
ऐसी दुर्लभतम बात।
बड़े आश्चर्य की बात है!
मैं भी भगवान् बन सकता,
माँ जिनवाणी कहती है।
इस दुःखद पंचमकाल में भी
श्रुत की धारा बहती है।
बड़े आश्चर्य की बात है!
मुझमें भी भगवान् बनने की
है क्षमता पूरी-पूरी।
मुझमें और परमात्मा में
बस पर्यायों की तो है दूरी।
बड़े आश्चर्य की बात है!
कर सकता हूँ मैं भी
अपना आत्म कल्याण।
हाँ, मैं भी बन सकता हूँ,
बन सकता हूँ भगवान्।
और इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं
ये बड़े आश्चर्य की बात है!

रचनाकार: अमृता जैन (Amrita Jain), पुणे
YouTube: https://www.youtube.com/watch?v=fE8w5fbpSdU&list=PLXcBKWNnm5zU&index=26

खोज: बडे आश्चर्य की बात, बड़े आश्चर्य की बात