अनेकांत और स्याद्वाद | Anekant aur syadvad

कविता का विषय – अनेकांत और स्याद्वाद

एक नहीं, कई रूप हैं, कण-कण का है सार,
अनंत-धर्मों से बना, पूरा यह संसार।
स्यात् कहे जिस बात को, सापेक्षता का ज्ञान,
अनेकांत की छाँव में, पूरा पलता वितान॥

अनेकांत का सुंदर है संदेश, सत्य न होता केवल एक,
हर दृष्टि में छिपा है ज्ञान, यही जिनधर्म की पहचान।
सत्य का हर रूप जग में, एक जैसा होता नहीं,
दृष्टि बदले, अर्थ बदले, ज्ञान सीमित हो वहीं॥

स्याद्वाद सिखलाता विनय, अनेकांत देता है ज्ञान,
सिद्धांत एक ही है, पर उसके होते कई आयाम।
अनेकांत का दीप जला, मिटा भ्रमों का जाल,
स्याद्वाद-वाणी कहे, सत्य अनेक विशाल॥

एक दृष्टि संपूर्ण नहीं, जग का रूप अपार,
भिन्न-भिन्न शब्द-दृष्टियाँ, कहतीं सत्य अपार।
राग-द्वेष को त्यागकर, समता का लो ज्ञान,
जिनवर की यह देशना, यही जिनधर्म की पहचान॥

स्यात् कहकर “जी” बोलता, रखता सबका मान,
अनेकांत-स्याद्वाद ही, जिनवर का संदेश महान्।
निज मत को सत्य मानना, यही अज्ञान की बात,
हर दृष्टि में छिपा हुआ है, सत्य का कुछ अंश साथ॥

अनेकांत का दीप जलाकर,
मिटें भ्रम और विवाद।
विश्व-शांति का पथ दिखलाता,
पावन जैन स्याद्वाद॥

अनेकांत की ज्योति, मन का तम हटाए।
स्याद्वाद की शीतलता, प्रेम-सुधा बरसाए।
जिनवाणी का सार यही, सबका हो सम्मान।
यही जिनेश्वर की वाणी, यही धर्म की शान॥

:writing_hand: — श्रीमती ऋतू शोभित जैन, सिलवानी

रचनाकार: रितुजैन सिलवानी (rituJain silwani), सिलवानी
Instagram: @ritu.Jain.1865