अमृतवाणी जिनवाणी
-प्रो. वीरसागर जैन
वीतराग सर्वज्ञ देव की, अमृतवाणी जिनवाणी ।
अरे भव्य जीवो ! तुम सुन लो, बड़े ध्यान से जिनवाणी ॥ टेक ॥
आकुलता की आग लगी है इस सारे भूमण्डल पर ।
कहीं शांति की बूंद नहीं है एक अहो जगती तल पर ।
चीख-चीख कर मरे जा रहे सभी जगत् के अज्ञानी ।
रात-दिवस बेचैन हो रहे, कौन सुने इनकी वाणी ॥
सभी जगत् से थककर आवे, जो कोई भविजन प्राणी ।
परमशान्ति का पान कराती, उसको माँ श्री जिनवाणी ॥ 1 ॥
कहीं सड़क और कहीं स्टेशन पर बुक के स्टॉल लगे ।
उपन्यास आदि में केवल राग-द्वेष के हाल लिखे ।
कागज, समय, शक्ति सब का ही दुरुपयोग ये करते हैं।
घोर पाप का बन्ध करें और पकड़ नरक में धरते हैं ॥
जहर बढ़ाती जग की वाणी, जहर हटाती जिनवाणी ।
सभी पुस्तकें कूड़ा करकट, मक्खन केवल जिनवाणी ॥ 2 ॥
लोग जगत् के कुछ कहते कि चीनी मीठी होती है।
और कहें कुछ चीनी में क्या, मिश्री मीठी होती है।
इसीलिए वे दिन भर खाते, केवल चीनी-मिश्री को ।
भूल गये वे ज्ञानसुधारस अजर अमर कर देता जो ॥
नीरस हैं वे सभी वस्तुएँ, परम सरस एक जिनवाणी ।
ज्ञानी जन निशदिन पीते हैं, मधुर मधुर यह जिनवाणी ॥3॥
यदि कभी इक पल भी तुमको क्रोध सताने लग जावे ।
मान घेरने लगे और माया भी पीछे पड़ जावे ।
लोभ पाप का बाप बने हास्यादि सभी शत्रु आवें ।
तुम्हें पकड़कर अति दुख देवें और स्वरूप भुला देवें ।
तो तुम जरा याद करना इस वीतराग की वाणी को ।
सकल कषाय रहित कर देगी देखो केवलज्ञानी को । 4।।
उसके कान विफल हैं दोनों जो नहिं सुनता जिनवाणी ।
कानयुक्त भी बहरा है वो जो नहिं सुनता जिनवाणी ।
उसका मानव जन्म विफल है, जो नहिं सुनता जिनवाणी ।
उसे शांति कब ही नहीं मिलती, जो नहिं सुनता जिनवाणी ।
मानव जन्म सफल करते वे, जो सुनते हैं जिनवाणी ।।
उनका तो कहना ही क्या जो सुनकर गुनते हैं जिनवाणी ।।5।।
जिनवाणी के बिना विषय की आग नहीं बुझ पाएगी ।
आग नहीं यह दावानल है सर्व जगत् को खाएगी ।
चतुर्गति के जीव सभी, दिन-रात इसी में जलते हैं।
कोई नहीं बचा सकता है, व्याकुल से व्याकुल रहते हैं ।।
ऐसे में शीतल जल वर्षा, करती है माँ जिनवाणी ।
आग बढ़ाती जग की वाणी, आग बुझाती जिनवाणी ।। 6।।
सूर्य चन्द्र में शक्ति नहीं कि इस जैसा प्रकाश करें ।
मिथ्या तम को दूर करे और सकल ताप चकचूर करें ।
चिन्तामणि और कल्पवृक्ष भी सच्चा सुख नहीं दे सकते ।
धन कन की क्या बात अरे ये शाश्वत सुख नहीं दे सकते ।
धन कन कंचन सभी सुलभ हैं दुर्लभ केवल जिनवाणी ।
जी करता है इसीलिए अब घर-घर पहुँचा दूँ जिनवाणी ।। 7।।
महावीर पर्वत से निकली गुरु गौतम मुख कुण्ड ढली ।
मोह शिला चकचूर करे अरु जग अज्ञानता हटा चली ।
ज्ञान महासागर में गिरती नयतरंग बहु उछल रही ।
ऐसी जिनवाणी माँ को मैं करूँ प्रणाम रख भाव सही ।।
जग की गंगा नाम की गंगा, सच्ची गंगा जिनवाणी ।
हो पवित्र भवपार चलें तब सच्ची नौका जिनवाणी ।।8।।
हिंसाभाव महादुखकर है सबसे बड़ा पाप भाई !
प्राण सभी को प्यारे होते उनको मत छीनो भाई ।
दुःख पहुँचाने का भाव भी सचमुच हिंसा ही है हे भाई !
चोरी, झूठ, कुशील, परिग्रह भी हिंसा ही है भाई ।
रागादि की उत्पत्ति ही निश्चय से हिंसा मानी ।
अतः राग भी त्याग बनो तुम वीतराग और विज्ञानी ।। 9।।
उत्तम वचन परम औषध है सर्वदुःख हरते प्राणी ।
कुटिल वचन कभी मत बोलो छोटी सी है जिन्दगानी ।
हित मित और प्रिय वाणी ही बोलो प्यारे भवि प्राणी ।
अथवा केवल मौन रहो और बने रहो आतमध्यानी ।।
सदा अशुभ वचनों से पीड़ित रहते हैं जग के प्राणी ।
सुन्दर सत्य वचन सिखलाती मेरी माता जिनवाणी ।। 10।।
महापुरुषों का चरित सुनाती कथानुयोग में जिनवाणी ।
गृहस्थ और मुनिधर्म दिखाती, चरणानुयोग में जिनवाणी ।
जीवों के परिणाम नापती, करणानुयोग से जिनवाणी ।
आत्मधर्म की महिमा गाती, द्रव्यानुयोग में जिनवाणी ।।
चार अनुयोग परम उपकारी, मेरी माँ के जिनवाणी ।
सभी परस्पर मिलजुल रहते, कहती है माँ जिनवाणी ।। 11।।
अनेकान्तमय वस्तु रूप को सत्य दिखाती जिनवाणी ।
राग-द्वेष से रहित और जो वीतरागता रस सानी ।
जिसके एक-एक वाक्य में मिलता मोक्षमार्ग मंगलकारी ।
सकल ताप को दूर करे और समीचीन सुख दातारी ।।
जिसको सदा नमन करते हैं, इन्द्र, नरेन्द्र, मुनि ज्ञानी ।
कोई और नहीं है ऐसा, मित्रो केवल जिनवाणी ।। 12।।
प्रथम अनादि से परिचित हैं विषयभोग से सब प्राणी ।
श्रुत परिचित अनुभूत सभी को विषयभोग की वही कहानी ।
ऊपर से निशदिन सुनते हैं वैसी ही मिथ्या वाणी ।
उनमें अतः पूर्ण पारंगत हैं जग के ये सारे प्राणी ।।
केवल एक शुद्ध निज आतम ही दुर्लभ कहते ज्ञानी ।
उसे दिखाती हो तुम हमको नमस्कार हे जिनवाणी ।।13।।
मानव तन पाकर विषयों में, रमते हो क्यों भवि प्राणी ।
राख हेतु मत रत्न जलाओ, और सुनो जिनवर वाणी ।।
जिनवाणी सुन दुःख मिटेगा, और मिलेगी सुख की खानि ।
मैं नहीं कहता कहते जिनवर, सुन लो बन्धु खोल के कानि ।।
विषयभोग जी भर-भर देखे, नहीं देखा आतम ज्ञानी ।
अब तो आओ आओ भाई, पढ़ो सुनो सब जिनवाणी ।। 14।।
वीतराग सर्वज्ञ देव की, अमृतवाणी जिनवाणी ।
अरे भव्य जीवो ! तुम सुन लो, बड़े ध्यान से जिनवाणी ।।