दीपावली आते ही कई घरों में यह प्रश्न उठता है: “लक्ष्मी जी और गणेश जी तो घर के देव हैं, उन्हें पूजने में क्या हर्ज है?” इस पोस्ट में ग्रन्थों के प्रमाण के साथ समझते हैं कि जैन दृष्टि में अन्य देवी देवताओं की पूजा को गृहीत मिथ्यात्व क्यों कहा गया है, और इससे जुड़े भ्रम क्या हैं।
१. पूज्य कौन है
जैन धर्म में पूज्य वही हैं जो वीतराग, सर्वज्ञ और हितोपदेशी हैं। उनकी पूजा कुछ माँगने के लिए नहीं, उनके जैसा बनने के लिए होती है। जिनमें स्वयं राग द्वेष है, जो प्रसन्न होकर देते हैं और रुष्ट होकर छीनते हैं, वे आत्मा के कल्याण का आदर्श नहीं बन सकते।
२. देवमूढ़ता
वरोपलिप्सयाशावान् रागद्वेषमलीमसाः।
देवता यदुपासीत देवतामूढमुच्यते॥
(रत्नकरण्ड श्रावकाचार, आचार्य समन्तभद्र, श्लोक २३)
अर्थ: वरदान पाने की इच्छा से, आशा रखकर, राग द्वेष से मलिन देवताओं की आराधना करना देवमूढ़ता है।
धन की कामना से लक्ष्मी पूजा, और विघ्न हटाने की कामना से गणेश पूजा, ठीक इसी श्रेणी में आती है। तीन मूढ़ताएँ (लोकमूढ़ता, देवमूढ़ता, गुरुमूढ़ता) सम्यग्दर्शन के दोष हैं, और अमूढ़दृष्टि सम्यग्दर्शन का अंग है।
३. भय, आशा, स्नेह या लोभ से भी नहीं
भयाशास्नेहलोभाच्च कुदेवागमलिङ्गिनाम्।
प्रणामं विनयं चैव न कुर्युः शुद्धदृष्टयः॥
(रत्नकरण्ड श्रावकाचार, श्लोक ३०)
अर्थ: निर्मल सम्यग्दृष्टि जीव भय, आशा, स्नेह और लोभ से भी कुदेव, कुशास्त्र और कुगुरु को प्रणाम और उनकी विनय नहीं करते।
ध्यान दीजिए, यहाँ स्नेह भी गिनाया है। “घर वाले कह रहे हैं, उनका मन रखने के लिए कर लेते हैं”, यह भाव भी इसी में आता है।
४. गृहीत मिथ्यात्व क्या है
मिथ्यादर्शन दो प्रकार का है: नैसर्गिक (अगृहीत) और परोपदेशपूर्वक (गृहीत)। (सर्वार्थसिद्धि ८/१)
जो विपरीत मान्यता अनादि से साथ है, वह अगृहीत है। जो जन्म के बाद दूसरों के उपदेश, कुल की परम्परा या देखा देखी से ग्रहण की जाए, वह गृहीत मिथ्यात्व है। कुदेव, कुगुरु, कुधर्म की सेवा इसका मुख्य रूप है।
छहढाला (पं. दौलतराम जी), दूसरी ढाल:
जे राग द्वेष मल करि मलीन, वनिता गदादि जुत चिह्न चीन।
ते हैं कुदेव, तिनकी जु सेव, शठ करत न तिन भव भ्रमण छेव॥
अर्थ: जो राग द्वेष रूपी मैल से मलिन हैं, जिनके साथ स्त्री, गदा आदि शस्त्रों के चिह्न दिखते हैं, वे कुदेव हैं। उनकी सेवा करने से संसार भ्रमण का अन्त नहीं होता।
५. भ्रम और उनका निवारण
भ्रम: “ये तो कुल के देव हैं।”
कुल की परम्परा से कोई मान्यता सही नहीं हो जाती। गृहीत मिथ्यात्व की परिभाषा ही यही है कि वह परम्परा और देखा देखी से ग्रहण किया जाता है। कसौटी परम्परा नहीं, वीतरागता है।
भ्रम: “हम तो बस थोड़ी सी पूजा करते हैं, मानते थोड़े ही हैं।”
पूजा श्रद्धा का ही बाहरी रूप है। धन या विघ्न निवारण की आशा से की गई पूजा, देवमूढ़ता की परिभाषा में स्पष्ट आती है।
भ्रम: “मना करना तो उनका अनादर है।”
किसी का अनादर करना विषय नहीं है। विषय यह है कि मोक्षमार्गी जीव स्वयं किसकी पूजा करे। सबकी श्रद्धा का सम्मान रखते हुए भी अपनी श्रद्धा शुद्ध रखी जा सकती है।
भ्रम: “दीपावली तो लक्ष्मी पूजा का ही त्योहार है।”
जैन परम्परा में दीपावली भगवान् महावीर का निर्वाण दिवस है। कार्तिक कृष्ण अमावस्या को पावापुरी से भगवान् का निर्वाण हुआ, देवों ने निर्वाण कल्याणक की पूजा की और दीप जलाए (हरिवंशपुराण, आचार्य जिनसेन, सर्ग ६६, श्लोक १५ से २१)। इसी रात गणधर गौतम स्वामी को केवलज्ञान हुआ।
६. तो दीपावली पर क्या करें
निर्वाण लाडू चढ़ाकर भगवान् महावीर का निर्वाण पूजन, गौतम गणधर स्वामी का पूजन, और केवलज्ञान रूपी लक्ष्मी की भावना। यही सच्ची “लक्ष्मी” है, जो एक बार मिलकर कभी जाती नहीं।
नीचे इस विषय पर प्रश्नोत्तर दिए हैं।
सम्बन्धित: दीपावली (वीर निर्वाण महोत्सव): सभी ग्रंथों से संकलन