काल चक्र (जैन दर्शन के परिप्रेक्ष्य में), जैन स्वाध्याय सामग्री | Kaal Chakra (Jain Darshan Ke Pariprekshay Mein)

२०

हुण्डावसर्पिणी काल

असंख्यात166 अवसर्पिणी एवं उत्सर्पिणी काल बीत जाने पर एक प्रसिद्ध अपवाद स्वरूप हुण्डावसर्पिणी काल आता है। इसमें

165. (1) तिलोयपण्णत्ती, 4 / 1570-1573 का सार

(2) लोक विभाग, 5 / 161-163

166. तिलोयपण्णत्ती, 4 / 1637

होने वाली अनेक विचित्रताओं की चर्चा तिलोयपण्णत्ती167 आदि ग्रन्थों में दी है, उनका संक्षिप्त सार इसप्रकार है - (1) सुषमा-दुषमा नामक भोगभूमि के तृतीय काल में ही वर्षा होना तथा विकलेन्द्रिय जीवों की उत्पत्ति होने लग जाना।

(2) जघन्य भोगभूमि में ही कल्पवृक्षों का अंत, कर्मभूमि का प्रारंभ तथा प्रथम तीर्थंकर एवं चक्रवर्ती का भी उत्पन्न हो जाना।

(3) सुषमा-दुषमा काल में ही जीवों का मोक्षगमन प्रारम्भ।

(4) चक्रवर्ती का विजय भंग और उसके द्वारा ब्राह्मण वर्णोत्पत्ति।

(5) शलाका पुरुषों की 63 संख्या में कमी होना।

(6) 9वें से 16 वें तीर्थंकरों के बीच धर्म की व्युच्छित्ति होना।

(7) ग्यारह रूद्र और कलह प्रिय नौ नारद उत्पन्न होना।

(8) सातवें, तेईसवें एवं अंतिम तीर्थंकर पर उपसर्ग होना।

(9) तीसरे, चौथे एवं पंचम काल में उत्तम धर्म को नष्ट करने वाले विविध प्रकार के दुष्ट, पापिष्ठ, कुदेव और कुलिंगी भी दिखने लगते हैं।

(10) चाण्डाल, शबर, पुलिंद, किरात इत्यादि हीन जातियाँ
उत्पन्न होती हैं।

(11) दुषमा नामक काल में 42 कल्की एवं उपकल्की होते हैं।

(12) अतिवृष्टि, अनावृष्टि, भूवृद्धि और वज्राग्नि आदि का गिरना।

प्रत्येक अवसर्पिणी एवं उत्सर्पिणी में होने वाले तीर्थंकरों का

167. तिलोयपण्णत्ती, 4 / 1637-1645

जन्म नियम से अयोध्या में ही होता है तथा सभी तीर्थंकर नियम से सम्मेदशिखर से ही मुक्ति प्राप्त करते हैं,168 किन्तु काल के प्रभाव से वर्तमान में 5 ही तीर्थंकर अयोध्या में जन्मे तथा सम्मेदशिखर से भी 20 ही तीर्थंकरों ने निर्वाण की प्राप्ति की। कुछ लोग प्रथम तीर्थंकर ऋषभदेव के पुत्री होने के पीछे भी काल का ही प्रभाव मानते हैं।

इसप्रकार अनेक प्रकार की विविधतायें, विचित्रतायें, दोष अथवा अपवाद इस हुण्डावसर्पिणी काल में होते हैं।

२१

उत्सर्पिणी के छह काल

प्राणियों को प्राप्त अनुकूलताओं के ह्रासरूप अवसर्पिणी के छह काल व्यतीत हो जाने के पश्चात् इससे विपरीत क्रम में उत्सर्पिणी काल का प्रारंभ होता है। इसके छह काल अवसर्पिणी से विपरीत क्रम में हैं तथा परिस्थितियाँ भी उसी अनुसार होती हैं। अवसर्पिणी के प्रारंभिक तीन काल भोगभूमि के तथा अंतिम तीन काल कर्मभूमि के होते हैं। जब कि उत्सर्पिणी के प्रारंभिक तीन काल कर्मभूमि के तथा अंतिम तीन काल भोगभूमि के हैं। अवसर्पिणी काल के अंत में 49 दिन तक कुवृष्टियों के माध्यम से सृष्टि में प्रलय होती है तथा उत्सर्पिणी काल में प्रारंभिक 49 दिन तक सुवृष्टियों के माध्यम से पुनः सृष्टि रचना प्रारंभ होती है। यहाँ सात-सात दिन तक पुष्कर, क्षीर, अमृत, रस, औषधि, सुगंध जलादि की वर्षा होने से वज्राग्नि से जली हुई सम्पूर्ण पृथ्वी शीतल हो जाती है।169

168. शाश्वत तीर्थधाम सम्मेदशिखर, पृष्ठ-9

169. लोकविभाग, 5/167-169

शीतल गंध को ग्रहण कर गुफाओं में छिपे हुये मनुष्य और तिर्यंच बाहर निकलने लगते हैं ।170 अभी इस काल में यहाँ अग्नि नहीं है, अतः उनका खान-पान रहन-सहन, आचरण आदि सब पशुओं जैसा ही होता है। फिर धीरे-धीरे आयु, तेज, बुद्धि, बाहुबल, क्षमा, धैर्य आदि की वृद्धि होते हुये 21 हजार वर्ष का दुषमादुषमा काल और उसके बाद जब आगामी दुषमा काल के भी 20 हजार वर्ष व्यतीत होते हैं, तबतक मनुष्यों का आहारादि उसी प्रकार चलता रहता है।

२२

उत्सर्पिणी काल में कुलकर

जब दुषमा-सुषमा काल प्रारंभ होने में 1000 वर्ष शेष रहते हैं, तब इन भरत/ऐरावत क्षेत्रों की पृथ्वी पर पुनः 14 कुलकर उत्पन्न होते हैं ।171 आचार्य नेमिचन्द्र172 चौदह के स्थान पर सोलह कुलकरों का उल्लेख करते हैं, वहाँ पद्म तथा महापद्म ये दो नाम अधिक हैं। ये सभी कुलकर जगत के प्राणियों को अग्नि को उत्पन्न करना, भोजन पकाकर खाना, विवाह करना, बन्धु परिवार आदि के साथ शिष्टाचार पूर्वक रहना आदि बातों को शिक्षक की भाँति समझाते हैं।

उत्सर्पिणी काल में भी 24 तीर्थंकर होते हैं। अंतिम कुलकर के पुत्र प्रथम तीर्थंकर होते हैं ।173 तीर्थंकर हमेशा दुषमा-सुषमा

170. (1) ‘ततो सीयलगंधं, णादित्ता णिस्सरंति णर तिरिया’ - तिलोयपण्णत्ती, 4/1583

(2) लोकविभाग, 5/171

171. ‘वास सहस्से सेसे उप्पत्ती कुलकराण भरहम्मि’ - तिलोयपण्णत्ती, 4/1590

172. त्रिलोकसार, गाथा-871

173. ‘पढम जिणो, अंतिल्ल कुलकर सुदो…’ - तिलोयपण्णत्ती, 4/1599

काल में ही होते हैं, यह अवसर्पिणी की अपेक्षा चौथा काल एवं उत्सर्पिणी की अपेक्षा तीसरा काल कहलाता है।

उत्सर्पिणी में होने वाले 24 तीर्थंकरों के नाम एवं उनके किस भव में तीर्थंकर प्रकृति का बंधन हो चुका है अथवा किस भव में तीर्थंकर प्रकृति का बंधन होगा - इसका भी नामोल्लेख सहित विवेचन जैन आगमों में उपलब्ध है। आचार्य यतिवृषभ174 एवं आचार्य नेमीचन्द्र175 के अनुसार आगामी चौबीसी में प्रथम तीर्थंकर होने वाले महापद्म ने राजा श्रेणिक के भव में तीर्थंकर प्रकृति का बंध किया। श्रीकृष्ण का जीव निर्मल नाम से 16 वाँ तीर्थंकर तथा सत्यकीपुत्र (स्थाणु/महादेव) अंतिम रूद्र का जीव अनन्तवीर्य के नाम से अंतिम तीर्थंकर होगा।

इसप्रकार तीर्थंकर, चक्रवर्ती, नारायण, प्रतिनारायण एवं बलभद्रों के जन्म एवं कर्म सहित तृतीय काल पूर्ण होता है। उत्सर्पिणी का चौथा काल प्रारंभ होते ही एक ही समय में विकलेन्द्रिय प्राणियों के समूह एवं कुलभेद नष्ट हो जाते हैं तथा प्रथम समय में कल्पवृक्षों की भी उत्पत्ति हो जाती है।176 उत्सर्पिणी के चौथे काल में जघन्य भोगभूमि, पंचम काल में मध्यम भोगभूमि तथा छठे काल में उत्तम भोगभूमि के समान रचना होती है। इन भोगभूमियों की परिस्थितियाँ अवसर्पिणी के तीसरे, दूसरे एवं पहले काल के समान होती है, अन्तर मात्र इतना

174. ‘तित्थयर णामकम्मं बंधंते ताण ते इमे णामा सेणिग…किण्हा…’- ति.प 4/1605-1606

175. ‘सेणियचर पढमतित्थयरो…किण्हचरणिम्मलओ…सच्चइपुत्तचरोऽणंतविरियंतो ।’

- त्रिलोकसार, गाथा-872 व 874, 875

176. तिलोयपण्णत्ती, 4/1632

है कि उत्सर्पिणी उत्तरोत्तर वृद्धि का काल है, जब कि अवसर्पिणी
ह्रास का काल है।

इसप्रकार उत्सर्पिणी के छह काल समाप्त होने पर पुनः अवसर्पिणी काल प्रारंभ होता है। यह क्रम अनादि काल से चला आ रहा है और अनन्त काल तक यही क्रम चलता रहेगा।

२३

काल अपरिवर्तन वाले क्षेत्र

इस लोक में बहुत-से क्षेत्र ऐसे हैं, जहाँ सदैव एक जैसा ही काल वर्तता है। षट् काल रूप परिवर्तन मात्र पाँच भरत एवं पाँच ऐरावत क्षेत्रों में ही होता है, वह भी उनके आर्य खण्डों में ही होता है; म्लेच्छ खण्डों में नहीं होता। तिलोयपण्णत्ती177 एवं त्रिलोकसार178 में पाँच म्लेच्छ खण्डों और विद्याधर श्रेणियों में अवसर्पिणी के चौथे काल के प्रारंभ से अंत तक हानि तथा उत्सर्पिणी के तीसरे काल में प्रारंभ से अंत तक वृद्धि होना बताया है।

भरत एवं ऐरावत क्षेत्रों के अतिरिक्त सभी भूमियों में काल परिवर्तन का निषेध करते हुये उमास्वामी आचार्य लिखते हैं - ताभ्यामपरा भूमयोऽवस्थिताः179 अर्थात् अन्य सभी भूमियाँ षट् काल परिवर्तन से रहित है।

देवकुरु180उत्तरकुरु181 में सदैव सुषमा-सुषमा (उत्तम भोग भूमि) नामक प्रथम काल जैसी रचना वर्तती है। विदेह क्षेत्र में

177. तिलोयपण्णत्ती, 4 / 1629

178. त्रिलोकसार गाथा-883

179. तत्त्वार्थसूत्र, 3 / 28

180. तिलोयपण्णत्ती, 4 / 2170

181. वही, 4 / 2219

सदैव दुषमा-सुषमा नामक चौथे काल जैसी दशा रहती है। यहाँ कभी अतिवृष्टि-अनावृष्टि, अकाल आदि नहीं होता।182 हरि क्षेत्र183 एवं रम्यक क्षेत्र में सदैव सुषमा नामक दूसरे काल के समान मध्यम भोगभूमि की रचना रहती है, जो कि हानि-वृद्धि से सदा रहित है। तथा हैमवत क्षेत्र184 एवं हैरण्यवत क्षेत्र में सदा काल सुषमा-दुषमा नामक तृतीय काल के समान जघन्य भोगभूमि वर्तती है। उक्त पहले से चौथे काल के नियमों को आचार्य नेमीचन्द्र185 ने एक ही गाथा में प्रस्तुत कर दिया है। लोकविभाग186 में निषध, नील आदि पर्वतों पर भी काल अपरिवर्तन बताया है।

मध्यलोक में ढाई द्वीप व अंतिम आधे द्वीप व समुद्र को छोड़कर शेष असंख्यात द्वीप-समुद्रों में जघन्य भोगभूमि (सुषमा-दुषमा काल) वर्तती है। अंतिम आधा स्वयंभूरमण द्वीप एवं अंतिम स्वयंभूरमण समुद्र में कर्मभूमि है, वहाँ पंचम (दुषमा) काल जैसी स्थिति है।187 चतुर्गति में काल परिवर्तन के संबंध में आचार्य नेमीचन्द्र लिखते हैं - ‘पढमो देवे चरिमो णिरए, तिरिए णरेवि छक्काला’188 अर्थात् देवगति में सदैव प्रथम (सुषमा-सुषमा) काल जैसा और

182. तिलोयपण्णत्ती, 4 / 2277

183. वही, 4 / 1767

184. वही, 4 / 1726

185. त्रिलोकसार गाथा-882

186. लोकविभाग, 5 / 35-38187. हरिवंश पुराण, 5 / 30-31

187. हरिवंश पुराण, 5 / 30-31

188. त्रिलोकसार, गाथा-884

नरक में सदैव छठा (दुषमा-दुषमा) काल जैसा वातावरण रहता है तथा मनुष्य-तिर्यंचों में छहों काल वर्तते हैं। कुभोगभूमि में तीसरा काल वर्तता है। जहाँ देव एवं नारकियों के प्रथम एवं छठे काल की बात कही, वहाँ अनुकूल/प्रतिकूल परिस्थितियों की अपेक्षा ही बात समझना चाहिये; आयु आदि की अपेक्षा नहीं।

२४

कुछ सहज जिज्ञासायें

विविध आगम प्रमाणों के आधार से काल के स्वरूप एवं उसके विविध प्रकार से भेद-प्रभेदों की चर्चा करने के उपरान्त भी इन विषयों को लेकर मन में कुछ जिज्ञासायें शेष रह जाती हैं, यहाँ उनका यथोचित समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

• वर्तमान में कौनसा काल - उत्सर्पिणी या अवसर्पिणी ? जैन आगमों के अनुसार वर्तमान में अवसर्पिणी काल चल रहा है।189 यह काल ह्रास/गिरावट का काल होता है; परन्तु आज मानव जाति हर क्षेत्र में विकासोन्मुख ही नहीं, बल्कि विकासशील दिखाई देती है। ऐसी स्थिति में आगमानुसार वर्तमान काल ह्रास का काल (अवसर्पिणी) है - यह बात स्वीकार करना अथवा गले उतारना सहज नहीं है। इसे आज के भौतिकवादी युग में सिद्ध करना भी एक चुनौतीभरा कार्य है।

अष्टापद रिसर्च इंटरनेशनल फाउण्डेशन द्वारा दिनांक 15-16 दिसम्बर, 2012 को अहमदाबाद में आयोजित सेमीनार में जब मैंने “अवसर्पिणी काल और वर्तमान दुनिया” विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया तो वहाँ मौजूद नासा एवं इसरो से जुडे अनेक

189. मोक्षमार्ग प्रकाशक, पृष्ठ-10

वैज्ञानिकों ने वर्तमान काल को अवसर्पिणी मानने में आपत्ति व्यक्त की। पत्र वाचन के उपरान्त अनेक सवाल-जवाब, तर्क-वितर्क हुये। उनका कहना था कि “वर्तमान में उत्सर्पिणी काल चल रहा है। वर्तमान काल ह्रास का नहीं; विकास का काल है। यह विज्ञान का युग है। नई-नई मशीनें, कैलकुलेटर, कम्प्यूटर, इंटरनेट इत्यादि की खोज मनुष्य की प्रगति की द्योतक हैं। आज के 100 वर्ष पहले लाइटें नहीं थी, आवागमन के साधन सुलभ नहीं थे। मोबाइल, टेलीविजन, ए.सी आदि सुख-सुविधायें नहीं थी। पहले के लोगों का रहन-सहन और आज के लोगों की जीवन शैली में जमीन-आसमान का अंतर है, और यह अंतर विकास की ओर है; ह्रास की ओर नहीं।”

उक्त बातें बौद्धिक स्तर पर सही प्रतीत होने पर भी यदि श्रद्धा के स्तर पर बात की जाये तो आगम की सत्यार्थता पर शंका नहीं की जा सकती; वह हमारे लिये शिरोधार्य है; अतः जरूरत है, इस दिशा में गहन चिंतन-मनन की।

आज विज्ञान का विकास हुआ दिखता है; परन्तु इनके द्वारा मनुष्य की शारीरिक और मानसिक क्षमताओं का ह्रास ही हुआ है। आज कैलकुलेटर से हिसाब लगाना बहुत आसान हो गया है; पर हमारे दिमाग उतने ही कमजोर हो गये हैं। छोटे-छोटे हिसाब के लिये भी हम कैलकुलेटर तलाशते हैं। आज मनोरंजन के साधनों में टी.वी ने सर्वोच्च स्थान बना रखा है; पर इससे हमारे सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन का ह्रास ही हुआ है।

वाशिंग मशीन, मिक्सी आदि अनेक आधुनिक उपकरणों द्वारा घर के कार्यों में यद्यपि सुविधा हो गई है; परन्तु इनके प्रयोग से हाथों से काम करने की क्षमता ही कम हुई है। आज शारीरिक संहनन / बल बहुत क्षीण हो गया है, हड्डियाँ काँच के समान हो गई है। यह सब ह्रास ही तो है।

मोबाइल, कम्प्यूटर एवं इंटरनेट यद्यपि आज के समय में बहुत उपयोगी हैं, इनसे कार्य आसान हो गये हैं; पर क्या इनके बिना हम अपने आप को अपाहिज महसूस नहीं करते ?

विज्ञान द्वारा जो विकास दिखाई देता है, कहीं यह विकास विनाश की दस्तक तो नहीं है ? मार्च 2011 में रेडियेशन की वजह से जापान में हुई तबाही किससे छिपी है।

वस्तुतः अवसर्पिणी काल के सन्दर्भ में ह्रास से तात्पर्य आयु, शरीर का उत्सेध (ऊँचाई), बाहुबल, धर्म, ज्ञान, गाम्भीर्य, धैर्य इत्यादि के ह्रास से है। मात्र भौतिक विकास उन्नति का सूचक नहीं है। वर्तमान में शारीरिक सामर्थ्य आदि की कमी के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का भी ह्रास होता जा रहा है। समाज का नैतिक एवं चारित्रिक पतन भी वर्तमान में अवसर्पिणी काल को ही सिद्ध करता है।

इसप्रकार अनेक युक्तियों से वर्तमान काल का अवसर्पिणीपना सिद्ध करने के बावजूद भी तर्कशील युवा वर्ग इसे हृदय से स्वीकार नहीं करता। वह कहता है - • आप कुछ भी कहो, हमें तो वर्तमान में सर्वत्र विकास ही होता दिखाई देता है ? न केवल भौतिक; अपितु धर्म क्षेत्र में भी विकास कम नहीं हो रहा है। वर्तमान में गाँव-गाँव में शिविर लग रहे हैं। प्रतिवर्ष सैंकडों विद्वान तैयार हो रहे हैं। आध्यात्मिक गोष्ठियाँ, पंचकल्याणक, जिनमंदिर निर्माण आदि सभी में पिछली शताब्दियों की तुलना में वर्तमान में बहुत वृद्धि हुई है। इस संदर्भ में आपका क्या मानना है ?

भाई ! बात तो ठीक है; परन्तु यह धर्म की वृद्धि नहीं है। धर्म बाहरी वस्तु नहीं है, वह तो अंतरंग वीतराग परिणति का नाम है, जो कि अपने निज आत्मा के स्व क्षेत्र में ही होता है। आप जिसे धर्म क्षेत्र का विकास कह रहे हैं, वह वास्तविक धर्म का क्षेत्र ही नहीं है, वह तो अपनी पर्याय में धर्म प्रकट करने के लिये बाह्य संयोगों की अनुकूलता है।

हाँ ! यह बात अवश्य है कि वर्तमान युग आध्यात्मिक क्रान्ति का युग है। आज अध्यात्म की चर्चा करने वालों की संख्या में अपेक्षाकृत बहुत वृद्धि हुई है। आज की परिस्थितियाँ आत्म कल्याण करने वालों के लिये पिछले 150-200 वर्षों की तुलना में अधिक अनुकूल है। यदि हमारा जन्म इसी भारत भूमि पर 150-200 वर्ष पूर्व हुआ होता तो वीतरागी जैन तत्त्वज्ञान के पठन-पाठन की इतनी सुलभता प्राप्त होना दुर्लभ था। इसप्रकार यद्यपि आध्यात्मिक दृष्टि से भी वर्तमान काल में बहुत विकास दिखाई दे रहा है।

परन्तु इस विकास के आधार पर वर्तमान काल को उत्सर्पिणी काल नहीं माना जा सकता। काल तो अवसर्पिणी ही है, ह्रास का ही है। संयोगों की दृष्टि से इतनी सब उन्नति दिखने पर भी वर्तमान में यहाँ एक भी अरिहंत परमात्मा नहीं है। यहाँ श्रेणीचढने वाले, शुक्ल ध्यानी, द्वादशांग के ज्ञाता आदि भी नहीं है। भावलिंगी संतों के दर्शन भी दुर्लभ हैं। अनुभवी / सम्यग्दृष्टि / ज्ञानी धर्मात्मा भी इस काल में विरले ही दिखते हैं। अनुभवी ज्ञानी व्यक्तियों की अल्प संख्या भी अवसर्पिणी काल को ही सिद्ध करती है।

फिर भी जो थोड़ा-बहुत विकास दिख रहा है, उस विकास मिश्रित ह्रास की परिस्थिति को हम निम्नानुसार समझ सकते हैं-जिसप्रकार हिमालय से निकलने वाली गंगा नदी का प्रवाह नियम से नीचे की ओर ही रहता है; किन्तु बीच-बीच में उठने वाली उसकी लहरें / तरंगें ऊपर की ओर भी उछलती हुई दिखाई देती है। उन उठने वाली तरंगों मात्र पर दृष्टि रखने वालों को जल ऊपर जाता हुआ दिखाई देता है; जबकि समग्र जल प्रवाह को देखने वालों को उसका अधो गमन स्पष्ट ख्याल में आता है।

उसीप्रकार 10 कोड़ाकोड़ी सागर के अवसर्पिणी काल का प्रवाह नियम से ह्रास की ओर ही रहता है, किन्तु बीच-बीच में पौद्गलिक शक्तियों के परिणमन से दिखने वाले आविष्कारों मात्र पर दृष्टि रखने वालों को विकास दिखाई देता है। जबकि समग्र अवसर्पिणी काल के प्रवाह को देखने वालों को ह्रास स्पष्ट ख्याल में आता है।

जिसप्रकार गंगा नदी के प्रवाह में उठने वाली जल तरंगों का उत्थान (ऊँचाई) एवं काल दोनों ही बहुत अल्प होते हैं; उसीप्रकार अवसर्पिणी काल में होने वाला विकास भी आंशिक होता है और उस विकास का काल भी बहुत अल्प होता है।

इसप्रकार वर्तमान अवसर्पिणी काल में विकास की स्थिति उस उठी हुई नदी की लहर के समान ही समझना चाहिये।

• प्रथम आदि कालों में बताई गई मनुष्यों की ऊँचाई, आयु आदि पर विश्वास नहीं होता ? पल्यों और पूर्व में आयु का वर्णन और धनुषों में ऊँचाई की चर्चा काल्पनिक सी लगती है?

जिनागम के अनुसार प्रथम तीर्थंकर ऋषभदेव के शरीर की ऊँचाई 500 धनुष थी। एक धनुष चार हाथ का होता है और एक हाथ लगभग सवा फीट का। इस प्रकार उनकी ऊँचाई लगभग 2500 फीट की थी। दूसरे प्रकार से देखें तो शास्त्रों में 2000 धनुष का एक कोस बताया गया है। एक कोस में लगभग तीन किलोमीटर होते है, तदनुसार 500 धनुष का अर्थ लगभग पौन किलोमीटर होता है। इनकी यथार्थ गणना करने पर 1.64 मीटर का एक धनुष होता है; तदनुसार 500 धनुष में 820 मीटर होते हैं, इतनी लम्बाई ऋषभदेव की थी।

ऋषभदेव की आयु 84 लाख पूर्व की थी। एक पूर्व में 70 लाख 56 हजार करोड़ वर्ष होते हैं। ऐसे एक पूर्व की नहीं 84 लाख पूर्व की उनकी आयु थी।

जब हम इसप्रकार की बातें पढ़ते-सुनते हैं, तो एकाएक विश्वास नहीं होता, पर यदि कालचक्र पर दृष्टि दी जाये तो इसमें काल्पनिक अथवा असम्भव लगने जैसी कोई बात नहीं है, क्योंकि वर्तमान में अवसर्पिणी काल चल रहा है, जो कि ह्रास/ गिरावट का काल है।

भगवान ऋषभदेव से भगवान महावीर स्वामी तक सभी तीर्थंकरों के शरीर की ऊँचाई एवं आयु पर दृष्टि देवें तो बात एकदम स्पष्ट हो जाती है। प्रथम तीर्थंकर ऋषभदेव की ऊँचाई 500 धनुष (2000 हाथ) और अंतिम तीर्थंकर महावीरस्वामी की ऊँचाई मात्र 7 हाथ अर्थात् लगभग पौने नौ फीट। इसी प्रकार ऋषभदेव की आयु 84 लाख पूर्व एवं महावीर स्वामी की मात्र 72 वर्ष। चक्रवर्ती आदि सभी महापुरुषों की आयु, ऊँचाई आदि में भी इसी प्रकार का ग्राफ बनता है।

शरीर की ऊँचाई एवं आयु में इतना परिवर्तन एकदम नहीं हुआ। प्रथम तीर्थंकर से अंतिम तीर्थंकर के बीच लगभग एक कोड़ाकोडी सागर का काल व्यतीत हुआ है। वर्तमान में हो रही शोध-खोज के अनुसार करोड़ों वर्ष पूर्व के प्राप्त अवशेषों के आधार पर भी उनकी ऊँचाई आदि की सिद्धि हो जाती है।

डायनासोर की खोज इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि उस काल में इतने विशालकाय जीव/प्राणी इस धरातल पर हुआ करते थे। कनाडा के ड्रमहेलर प्रान्त में हमने तीन-तीन मंजिल की ऊँचाई वाले डायनासोर के अवशेष देखे हैं। इतनी ऊँचाई वाले प्राणियों की सत्ता वर्तमान में दिखाई नहीं देती; किन्तु प्राप्त अवशेषों से उनकी भूतकाल में सत्ता को सभी स्वीकार करते हैं। बस यही स्थिति भूतकाल में हुये तीर्थंकर/चक्रवर्ती आदि महापुरुषों की आयु/ऊँचाई आदि के सम्बन्ध में है।

ऐसे और भी अनेक प्रमाणों एवं उदाहरणों से उक्त बातों को
सहज सिद्ध किया जा सकता है।

निष्कर्ष रूप में कहा जा सकता है कि प्रथमानुयोग एवं करणानुयोग में उपलब्ध इसप्रकार की बातों पर विश्वास के लिये कालचक्र को सही रूप में समझना चाहिये।

• हमने सुना था कि छठे के बाद पुनः छठा काल आता है।

आपने कवर पर छठे के बाद पहला लिखा है। क्या सही है ?

वस्तुतः अवसर्पिणी के छठे काल के बाद उत्सर्पिणी काल प्रारंभ होता है; अतः वह उत्सर्पिणी का पहला काल ही है। उस पहले काल की परिस्थितियाँ अवसर्पिणी के छठे काल के समान ही होती हैं। अवसर्पिणी का छठा और उत्सर्पिणी का पहला - दोनों का नाम दुषमा-दुषमा है, दोनों ही 21,000 वर्ष के हैं, दोनों में उत्कृष्ट आयु, उत्कृष्ट ऊँचाई आदि समान ही हैं; अतः समानता समझाने के लिये उपचार से छठे के बाद छठा कहा जाता है। इतना अन्तर तो है ही कि अवसर्पिणी के 21,000 वर्ष तक निरन्तर ह्रास होकर अन्त में प्रलय होती है और उत्सर्पिणी के 21,000 वर्ष तक निरन्तर कुछ-कुछ उत्थान होता रहता है।

• क्या काल परिवर्तन होने पर सब कुछ बदल जाता है ?

नहीं ! यद्यपि यह जगत परिवर्तनशील है; तथापि कालचक्र के अनुसार इस जगत में सब कुछ बदल जाता हो - ऐसी बात नहीं है। बहुत कुछ है जो काल से अप्रभावित रहता है।

निरन्तर परिणमन करते हुये भी जीव कभी अजीव नहीं हो जाता तथा अजीव भी कभी जीव नहीं होता। कोई भी वस्तु अपने मूल स्वरूप को कभी नहीं छोड़ती। वस्तु का स्वभाव अपरिवर्तनशील है। अग्नि की उष्णता, नमक का खारापन, मिश्री की मिठास के समान ही जानना-देखना आत्मा का स्वभाव है, जो कि काल से अप्रभावित रहता है।

स्वभाव के समान ही स्वरूप भी काल से अप्रभावित रहता है। जैसे - सच्चे देव, गुरु, धर्म का स्वरूप कभी नहीं बदलता। यद्यपि चतुर्थ काल से पंचम काल में परिस्थितियाँ बहुत बदल जाती है, किन्तु सच्चे देव तो वीतरागी-सर्वज्ञ ही होते हैं, गुरु भी निर्ग्रंथ तथा धर्म भी सदा वीतराग स्वरूप ही रहता है।

चौथे काल में धर्म अलग प्रकार का होता होगा और पंचम काल में धर्म अलग प्रकार का ? चौथे काल में मुनि और श्रावक का स्वरूप अलग प्रकार का होगा, पंचम काल में अलग प्रकार का ? - ऐसा नहीं है। काल और क्षेत्र कोई भी हो स्वरूप कभी नहीं बदलता। जिसप्रकार अग्नि प्रत्येक काल एवं प्रत्येक क्षेत्र में ऊष्ण ही होती है, उसका स्वरूप कभी नहीं बदलता। उसीप्रकार मुनि एवं श्रावक का स्वरूप भी क्षेत्र एवं काल से नहीं बदलता।

तत्त्व सात होते हैं और द्रव्य छह। कर्म आठ होते हैं और गुणस्थान चौदह। जीव असंख्यात प्रदेशी है और आकाश अनंत प्रदेशी। नरक, स्वर्ग, मध्यलोक आदि अनगिनती बातें हैं, जो त्रिकाल एक समान हैं। तीनों काल में मोक्ष का मार्ग रत्नत्रय स्वरूप ही है। श्रीमद् राजचन्द्रजी कहते हैं - ‘एक होय त्रण कालमा परमारथनो पंथ।’

इसप्रकार यह कहा जा सकता है कि उत्सर्पिणी और अवसर्पिणी काल परिवर्तित होते हुये भी वस्तु का द्रव्य स्वभाव एवं सैद्धान्तिक स्वरूप कभी नहीं बदलता। सिद्धान्त त्रिकाल होते हैं, वे काल के अनुसार बदला नहीं करते। इसीलिये कालचक्र अनुसार परिवर्तनशील इस जगत में रहते हुये भी ज्ञानियों की दृष्टि अपरिवर्तनशील स्वभाव पर ही रहती है।

• कौनसा काल श्रेष्ठ ?

काल के इतने भेद-प्रभेद बताये गये हैं, आखिर इनमें से कौनसा काल श्रेष्ठ है ? हमारे लिये कौनसा काल अच्छा है ? कौनसे काल में जीव सबसे अधिक सुखी होते हैं ?

छह काल दो भागों में विभक्त हैं। यदि अवसर्पिणी को मुख्य करके चर्चा की जाये तो प्रारंभिक तीन काल भोग भूमि के और अंतिम तीन काल कर्म भूमि के हैं। इनमें या तो आप भोग भूमि को अच्छा कहेंगे या कर्म भूमि को। कुछ लोग उत्तम भोग भूमि रूप पहले काल को श्रेष्ठ कहते हैं तो कुछ चौथे काल को ? छह कालों में दुषमा (पंचम) और अतिदुषमा (छठे) काल को कोई भी श्रेष्ठ नहीं कहता। अब इन दोनों के बारे में विचार करते हैं।

(1) प्रथम काल को श्रेष्ठ कहने वालों का तर्क है कि वहाँ मन चाहे भोग मिलते हैं, कल्प वृक्षों से सभी प्रकार की सुख-सुविधाओं की प्राप्ति हो जाती है। भोग सामग्री प्रचुर मात्रा में होती है। आयु बहुत लम्बी होती है तथा रोग और वृद्धावस्था भी नहीं है। तथा भोगभूमि से मरकर सभी जीव नियम से देव गति में ही जाते हैं; अतः यही श्रेष्ठ काल है।

उक्त सभी बातें अविचारित रम्यं जैसी है। जो ऊपर-ऊपर से देखने पर अच्छी लग रही है। यह काल भोगों में सुख मानने वालों को ही अच्छा लग सकता है; माना कि वहाँ सुविधायें बहुत हैं, आयु अधिक है; पर वह सब कुछ शाश्वत नहीं है, मरण तो वहाँ भी होता ही है। दूसरी बात, अधिक भोग सामग्री होने पर भी वह इस जीव को सुखी करने में समर्थ नहीं है।

आचार्य नेमीचन्द्रस्वामी त्रिलोकसार में लिखते हैं कि - ‘प्रचुर भोग सामग्री भी भोग भूमिया जीवों को तृप्ति देने में समर्थ नहीं है।’ पंचेन्द्रिय के विषय भोग तो चाहे कर्म भूमि के हों या भोग भूमि के - मधुर विष के समान ही हैं। इन्हें भोगने पर शान्ति नहीं मिलती; ये तो आग में घी डालने जैसा ही कार्य करते हैं। अतः भोग भूमि के काल को श्रेष्ठ नहीं कहा जा सकता।

(2) कर्म भूमि के दुषमा-सुषमा नामक चौथे काल को श्रेष्ठ कहने वालों का तर्क है कि इस काल में तीर्थंकर होते हैं। जीवों को शुक्ल ध्यान, श्रेणी चढ़ना एवं निर्वाण की प्राप्ति इसी काल में संभव है; अतः इसे ही श्रेष्ठ कहना चाहिये।

एक अपेक्षा से उक्त बात ठीक है। पर, क्या चतुर्थ काल में जन्मे सभी जीव निर्वाण की प्राप्ति करते हैं ? क्या चौथे काल में सभी धर्मात्मा ही होते हैं ? क्या पंचम काल में धर्म नहीं होता ? भाई ! ऐसा नहीं है। चतुर्थ काल के भी सभी जीव धर्मात्मा नहीं होते तथा पंचम काल के सभी अधर्मात्मा नहीं होते। पंचम काल का कोई भी जीव मरकर सप्तम नरक में नहीं जाता; जबकि चतुर्थ काल वाले जीव सप्तम नरक तक जा सकते हैं।

यद्यपि यह बात परम सत्य है कि चतुर्थ काल में जन्मे जीव मुक्ति की प्राप्ति भी कर सकते हैं; परन्तु चतुर्थ काल के सभी जीव मुक्ति की प्राप्ति नहीं करते। हमारा जन्म चतुर्थ काल में भी अनंत बार हो चुका है। काल परावर्तन की दृष्टि से देखें तो चतुर्थ काल का कोई भी समय ऐसा नहीं है, जब हमारा जन्म न हुआ हो। चतुर्थ काल में जन्म लेकर भी जब तक यह जीव अपने निज ज्ञायक आत्मा को न जाने तब तक सुखी नहीं हो सकता तथा पंचम काल में भी अपने स्वरूप को जानकर पहिचानकर आत्मानुभव रूप सच्चे सुख की प्राप्ति की जा सकती है। इस पंचम काल में भी धर्मध्यान का सद्भाव आगम में बताया गया है।

ऋषभदेव ने तृतीय काल में निर्वाण प्राप्त किया तो इन्द्रभूति गौतम, सुधर्मस्वामी, जम्बूस्वामी, श्रीधर केवली आदि अनेक जीवों को पंचम काल में भी निर्वाण प्राप्त हो गया, यह बात अलग है कि इन्द्रभूति आदि का जन्म चतुर्थ काल में हुआ था।

इसप्रकार यह सिद्ध हुआ कि चतुर्थ काल भी इस जीव के लिये श्रेष्ठ नहीं है। इस काल में जन्म लेकर भी मुक्ति की गारन्टी नहीं है। वस्तुतः कोई भी बाहरी काल इस जीव को सुखी-दुखी करने में समर्थ नहीं है। अतः सच्चे सुख की प्राप्ति की इच्छा रखने वाले आत्मार्थियों को किसी अच्छे काल/मुहूर्त अथवा श्रेष्ठ दिन का इंतजार करने की जरूरत नहीं है।

जिस काल में यह जीव अपने स्वभाव के सन्मुख हो वही काल श्रेष्ठ है। बाहरी किसी भी काल से सुख-दुःख होना मानना मिथ्यात्व है, काल परावर्तन का कारण है।

सच्चा सुख तो अपने में ही है; अतः बाहरी काल से दृष्टि हटाकर अपने में दृष्टि केन्द्रित करने का प्रयास करना चाहिये, इसी में सार है, यही सुखी होने का उपाय है, यही मुक्ति का मार्ग है। हम सभी इस मर्म को समझपूर्वक निज ज्ञायक की शरण लेकर परम सुख की प्राप्ति करें - इसी मंगल भावना से विराम लेता हूँ। ●

२५

अभिमत (विद्वानों की दृष्टि में प्रस्तुत प्रकाशन)

( विद्वानों की दृष्टि में प्रस्तुत प्रकाशन )

० वाणीभूषण पं. ज्ञानचन्दजी जैन ‘जैनरत्न’ विदिशा (म.प्र.) ‘कालचक्र’ : एक सफल प्रयास वीतरागी भगवंतों की चार अनुयोगमयी जिनवाणी में करणानुयोग का अपना स्थान है। ‘कालचक्र’ कृति में जिस सरल सुबोध शैली में विभिन्न जिनागम के प्रमाण देकर पुस्तक का लेखन हुआ है, वह प्रत्येक स्वाध्यायी जीव के लिये उपयोगी बन गई है।

प्रस्तुत कृति के सफल रचनाकार युवा विद्वान पण्डित संजीवकुमारजी गोधा जयपुर जिनागम के अभ्यासी विद्वान है। अनेक वर्षों से सम्पूर्ण भारतवर्ष ही नहीं अपितु विदेशों में भी वीतराग मार्ग की प्रभावना कर रहे हैं। एक सफल प्रवचनकार के साथ अब सफल रचनाकार भी बन गये हैं और ‘कालचक्र’ कृति उनका एक सफल प्रयास है, जिसमें वे पूर्णतया सफल हुये हैं।

ये जिनागम के सूक्ष्म अभ्यास पूर्वक निज शुद्धात्मतत्त्व की आराधना पूर्वक जिनमार्ग की मंगलमय प्रभावना करते रहें - यही पवित्र भावना है।

० ब्र. यशपालजी जैन, एम.ए. (प्राकृत, संस्कृत), जयपुर मैं बहुत प्रभावित हूँ डॉ. संजीवकुमार गोधा द्वारा लिखित ग्रन्थ कालचक्र दूसरी बार पढा। मैं इस शास्त्र से प्रभावित हूँ। प्रभावित होने के कारणों को मैं यहाँ बताना चाहता हूँ - यह है कि इस ग्रंथ में कहीं भी अनावश्यक विस्तार नहीं है। सब कथन शास्त्रानुसार लिखा है और सर्वत्र शास्त्राधार भी तलटीप में स्पष्टरूप से बताया है। संदर्भ ग्रन्थों में चारों अनुयोगों के शास्त्रों का उपयोग है। सब कथन मानो पारिभाषिक शब्दों में दिया है। कहीं भी विषय को अनावश्यक विस्तार नहीं दिया है। छह कालों का ज्ञान कराने के लिये सुन्दर चित्र का भी उपयोग किया है। अनेक स्थानों पर मत-भेदों का कथन आचार्यों के नाम एवं ग्रंथाधार से दिया है, यह बहुत अच्छा लगा।

विज्ञान की खोज के कारण वर्तमान काल उत्सर्पिणी लगता है, इसका
अच्छा खुलासा इस ग्रन्थ में हुआ है।

तीर्थंकर ऋषभदेव ने तीसरे काल में एवं गौतम गणधर आदि ने पंचम काल में मोक्ष प्राप्त किया - इस प्रकरण के बाद लेखक का कथन - ‘वस्तुतः कोई भी बाहरी काल इस जीव को सुखी-दुखी करने में समर्थ नहीं है। जिस काल में यह जीव अपने स्वभाव के सन्मुख हो वही श्रेष्ठ है, बाहरी काल से सुख-दुख मानना मिथ्यात्व है’ - यह विश्लेषण बहुत अच्छा लगा।

मैं श्री अखिलजी को इस ग्रंथ के प्रकाशन कार्य के लिये धन्यवाद देना चाहता हूँ। कालचक्र पुस्तक के लेखक डॉ. गोधाजी को मैं व्यक्तिगत रूप से अनेक बार साहित्यिक कार्य विशेषरूप से करते रहने के लिये कहता ही रहता हूँ। वे इसी प्रकार लिखते रहें।

० बाल ब्र. हेमचन्दजी ‘हेम’ देवलाली, नासिक (महा.)

यह एक लघु शोध प्रबन्ध ही है

दार्शनिक विद्वान डॉ. संजीवकुमारजी गोधा द्वारा आगम के आलोक में लिखित ‘कालचक्र’ (जैनदर्शन के परिप्रेक्ष्य में) नामक 72 पृष्ठीय पुस्तक एक लघु शोध प्रबन्ध ही है। वर्तमान में कुन्दकुन्दाम्नायी पूर्व आचार्य भगवन्तों द्वारा विरचित श्रुतस्कंध रूप जिनागम ही इस पंचम काल में हम सभी आत्मार्थी मुमुक्षु बन्धुओं के लिये प्रकाश-स्तंभ समान है। पण्डित स्व. फूलचन्दजी सिद्धान्त शास्त्री, वाराणसी मुझसे कहा करते थे - बेटे हेमचन्द ! इस पंचमकाल में जिनधर्म उपलब्ध जिनागम के बल से ही टिका रह सकेगा, किसी व्यक्ति विशेष के चिन्तन से नहीं, अतः तुम आगम बल के बलबूते पर आत्मबल बढाओगे तो जिनधर्म के मर्म को पा लोगे। प्रिय डॉ. संजीव मैं तुमसे भी यही कहना चाहता हूँ कि तुम्हारा बुद्धिबल अच्छा बढ़ा हुआ उत्तम है, अतः तुम आगम बल और आत्मबल दोनों की वृद्धि पर विशेष ध्यान देना। तुम जैसे युवा धर्म में उत्साही विद्वानों के बल से ही हमारे अहिंसक जैन समाज को मार्गदर्शन प्राप्त होता रहेगा और ज्ञान दीप से ज्ञानदीप के प्रज्ज्वलित होते रहने की परम्परा चलती चली जायेगी।

यह पुस्तक एक लघु शोध प्रबन्ध ही है, जिसमें काल द्रव्य का समग्र विवेचन हुआ है। इस पुस्तक में सब कुछ आगम सम्मत ही है, सब समीचीन ही लिखा है। तुम्हारी लेखनी प्रामाणिक है। तुम इसी तरह लिखते रहो।

० डॉ० अरविन्दकुमार जैन, सुजानगढ (राज.)

शास्त्री, जैनदर्शनाचार्य, एम.ए. (हिन्दी, संस्कृत), धर्मालंकार, पीएच.डी.

प्रामाणिक एवं निर्विवाद कृति

‘कालचक्र’ कृति काल विषय के सन्दर्भ में लिखी गई अभी तक की

कृतियों में सबसे सरल, सहज, बालगोपाल, प्रौढ एवं प्रबुद्ध सभी जनों के

लिये सुबोधगम्य तथा उपयोगी है। डॉ. संजीवजी गोधा इस विषय के

शिविर-कक्षाओं के देश एवं विदेशों में प्रखर शिक्षक तथा प्रवचनकार हैं।

इसका लाभ व्यवस्थित विषय क्रम, परिमार्जित भाषा एवं सहज प्रस्तुतिकरण

में कृति को प्राप्त हुआ है। आध्यात्मिकता का पुट लिए अधिकृत आगम

ग्रन्थों के सन्दर्भों ने कृति को प्रामाणिक एवं निर्विवाद बनाया है। सहज

जिज्ञासायें प्रकरण कृति को अद्यतन बनाती है।

कृति सबके लिये उपयोगी सिद्ध हो एवं कृतिकार अपनी प्रतिभा का उपयोग इसीप्रकार से समाज हित में करते रहें; मैं उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।

० डॉ० राजेन्द्रकुमार बंसल, महामंत्री, विद्वत्परिषद्, अमलाई

काल विषय पर सर्वांगीण कृति

श्री अ. भा. दिग. जैन विद्वत्परिषद् ट्रस्ट द्वारा प्रकाशित एवं प्रखर युवा

विद्वान डॉ. संजीवकुमार गोधा कृत कालचक्र का अवलोकन किया। अनादि

स्वचालित विश्व व्यवस्था एवं आत्मोत्थान की प्रक्रिया में काल और

कालचक्र का विशिष्ट स्थान है। लेखक डॉ. गोधा ने जैन आगम के

आलोक में काल और कालचक्र का विस्तृत/सर्वांगीण विवेचन इस कृति

में प्रस्तुत किया है, जो ज्ञानवर्धक और प्रेरक है। लेखक ने काल का स्वरूप

दर्शाकर कालचक्र के भेद-प्रभेद यथा - भूत, भविष्य, वर्तमान काल,

निश्चय-व्यवहार काल, उत्सर्पिणी-अवसर्पिणी काल आदि और उसकी

सामाजिक धार्मिक विशेषताओं पर प्रकाश डाला है। वर्तमान में हुण्डावसर्पिणी काल चल रहा है। इस काल की विशेषताओं का विवेचन भी लेखक ने बहुत सुन्दर ढंग से किया है।

अंत में कुछ सहज जिज्ञासायें ? शीर्षक में लेखक ने सहज जिज्ञासाओं का समाधान कर साधक को सच्चे सुख की प्रेरणा दी है। इस ज्ञानवर्धक कृति के लेखक, प्रकाशक सभी का इस सुन्दर लघु कृति के प्रकाशन हेतु आभार।

० प्रो. धर्मचन्द्र जैन, 1756-बी / 5, ज्योतिनगर, कुरुक्षेत्र

इस विषय की पहली कृति

श्री अखिल बंसलजी आपके द्वारा प्रेषित ग्रन्थ प्राप्त हुये, इनमें ‘कालचक्र’ यह ग्रन्थ मेरे लिये सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण है। यह शोधपरक रचना मेरी दृष्टि में पहली भी है। काल के सन्दर्भ में बहुत ही सुन्दर, सप्रमाण अध्ययन किया गया है। इसमें कतिपय अछूते प्रश्न भी दिये गये हैं। काल विषयक व्यक्ति की अधिक उजागर शंकाओं का समाधान ग्रंथ में बखूबी प्रतिपादित हुआ है। यह विद्वान की ज्ञानगरिमा को स्पष्ट झलकाता है। कवर पृष्ठ सुन्दर एवं आकर्षक है, मुद्रण भी अत्यन्त सुन्दर है। विद्वान लेखक को मेरी ओर से उत्तम लेखन के लिये हार्दिक बधाई एवं आपको ग्रन्थ भेजने हेतु धन्यवाद !

० डॉ. सुरेशचन्द जैन (वरिष्ठ सम्पादक, जैन प्रचारक)

दिलशाद गार्डन, दिल्ली-95

अंधविश्वास को खण्ड-खण्ड करने में सहायक होगी

डॉ. संजीवकुमार गोधा ने ‘कालचक्र’ लघु पुस्तक में जैनदर्शन के मूल उत्स को समाहित करते हुये जो तथ्य उद्घाटित किए हैं, वह परिणमनशील जगत की स्थिति और सृष्टि नियामक अन्ध विश्वास को खण्ड-खण्ड करने में सहायक सिद्ध होगी। विश्लेषण पद्धति सुगम, सरल और सहजगम्य है। गोधाजी और ट्रस्ट ऐसी पुस्तक के प्रकाशन के लिए बधाई के पात्र हैं।

२६

सन्दर्भ ग्रन्थ सूची

आदिपुराण : आचार्य जिनसेन
सम्पादक - डॉ० पन्नालाल जैन, साहित्याचार्य
भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली
भाग-1, दसवाँ संस्करण 2004, भाग-2, नौवाँ संस्करण 2003

कार्तिकेयानुप्रेक्षा : स्वामी कार्तिकेय
सम्पादक - पं. महेन्द्रकुमार पाटनी, काव्यतीर्थ
श्री दिगम्बर जैन शिक्षण समिति, इंदौर एवं
पं. टोडरमल स्मारक ट्रस्ट, जयपुर, चतुर्थ सं. 1996

गोम्मटसार जीवकाण्ड : श्रीमन्नेमिचन्द्र सिद्धान्त चक्रवर्ती
श्रीमद् राजचन्द्र आश्रम, अगास, छठा सं. 1985

जंबूद्वीपप्रज्ञप्तिसूत्र : स्थविरप्रणीत षष्ठ उपांग
सम्पादक - डॉ० छगनलाल शास्त्री, पं. शोभाचंद्र भारिल्ल

जैनेन्द्र सिद्धान्त कोश : क्षुल्लक जिनेन्द्र वर्णी
सम्पादक- प्रो० ए. एन. उपाध्ये, डॉ० हीरालाल जैन
प्रकाशक- भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली
भाग-1, आठवाँ संस्करण-2003

बृहद् द्रव्यसंग्रह : आचार्य नेमिचन्द्र सिद्धान्तिदेव
संस्कृत वृत्ति- श्री ब्रह्मदेव सूरि
श्री दि. जैन शिक्षण संयोजन समिति, इन्दौर, द्वितीय सं. 1995

भारतीय सृष्टिविद्या : डॉ० प्रकाश
सम्पादक- लक्ष्मीचंद्र जैन जगदीश
प्रकाशक- भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली, वीर नि. सं. 2500

भक्तामर स्तोत्र : आचार्य मानतुंग
प्रकाशक/मुद्रक - वीर प्रेस, मनिहारों का रास्ता, जयपुर

महापुराण : महाकवि पुष्पदंत
सम्पादक - डॉ० पी. एल. वैद्य
प्रकाशक - भारतीय ज्ञानपीठ दिल्ली
भाग-1, द्वितीय सं. 2001

तत्त्वार्थवार्तिक : भट्ट अकलंकदेव
(राजवार्तिक) सम्पादक - प्रो० महेन्द्रकुमार जैन, न्यायाचार्य
भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली
भाग-1 पंचम संस्करण-1999, आठवाँ संस्करण-2008
भाग-2 पंचम संस्करण-1999, आठवाँ संस्करण-2009

तत्त्वार्थश्लोकवार्तिकालंकार : श्री विद्यानंदस्वामी
(सप्त खण्ड) सम्पादक - पं. वर्धमान पार्श्वनाथ शास्त्री
आचार्य कुंथुसागर ग्रंथमाला, सोलापुर,
प्रथम खंड, सन् 1949, द्वितीय खंड, सन् 1951, तृतीय खंड,
सन् 1953, चतुर्थ खंड, सन् 1956, पंचम खंड, सन् 1964, षष्ठ
खंड, सन् 1969, सप्तम खंड, सन् 1984

तत्त्वार्थसूत्र : आचार्य उमास्वामी
वीर पुस्तक भण्डार, जयपुर, 2005

तिलोयपण्णत्ती : आचार्य यतिवृषभ
टीकाकर्त्री - आर्यिका विशुद्धमती
सम्पादक - डॉ० चेतनप्रकाश पाटनी

श्री भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा,
भाग-1, प्रथम सं. 1984 (तिजारा, अलवर, तृतीय सं.1997)
भाग-2, प्रथम सं. 1986, भाग-3, प्रथम सं. 1988
तिलोयपण्णत्ती : आचार्य यतिवृषभ
(त्रिलोक प्रज्ञप्ति) सम्पादक - प्रो० आदिनाथ उपाध्याय एवं प्रो० हीरालाल जैन
जैन संस्कृति संरक्षक संघ, सोलापुर,
भाग-1, 1956, भाग-2, 1951
त्रिलोकसार : श्रीमन्नेमिचंद्र सिद्धान्तचक्रवर्ती
टीकाकर्त्री - आर्यिका विशुद्धमति
सम्पादक - पं.रतनचंद जैन मुख्तार, डॉ० चेतनप्रकाश पाटनी
श्री शान्तिवीर दि.जैन संस्थान, महावीरजी, वीर नि. सं. 2501
नियमसार : आचार्य कुन्दकुन्द
संस्कृत टीका- श्री पद्मप्रभमलधारी देव
श्री कुन्दकुन्द कहान दि. जैन तीर्थसुरक्षा ट्रस्ट, सप्तम सं.1993
पद्म पुराण भाग-3 : आचार्य रविषेण
भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली, पाचवाँ सं. 1997
पंचास्तिकाय संग्रह : आचार्य कुन्दकुन्द
संस्कृत टीका- आचार्य अमृतचंद्र
पं. टोडरमल स्मारक ट्रस्ट, जयपुर, छठा सं. 1998
पंचास्तिकाय : आचार्य कुन्दकुन्द
(तात्पर्यवृत्ति) संस्कृत टीका- आचार्य जयसेन
सम्पादक - ब्र. कल्पना जैन, सागर
तीर्थधाम मंगलायतन, अलीगढ़, प्रथम सं. 2010
प्रवचनसार : आचार्य कुन्दकुन्द
संस्कृत टीका (तत्त्वप्रदीपिका)- आचार्य अमृतचंद्र
सम्पादक- डॉ० हुकमचंद भारिल्ल
श्री कुन्दकुन्द कहान दिगम्बर जैन तीर्थसुरक्षा ट्रस्ट, 1985
लोक विभाग : श्री सिंहसूरर्षि
सम्पादक - प्रो० ए.एन.उपाध्ये, डॉ० हीरालाल जैन
प्रकाशक - जैन संस्कृति संरक्षक संघ, सोलापुर, 1962
षट्दर्शनसमुच्चय : हरिभद्रसूरि
सम्पादक - डॉ० महेन्द्रकुमार जैन, न्यायाचार्य
प्रकाशक - भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली, पंचम सं. 2000
समाधितंत्र : आचार्य पूज्यपाद
संस्कृत टीका - आचार्य प्रभाचन्द्र
प्रकाशक - श्री कुन्दकुन्द कहान पारमार्थिक ट्रस्ट, मुम्बई
पण्डित टोडरमल स्मारक ट्रस्ट, जयपुर, श्री आदिनाथ-
कुन्दकुन्द-कहान दिगम्बर जैन ट्रस्ट, अलीगढ़
सर्वार्थसिद्धि : आचार्य पूज्यपाद
सम्पादक - सिद्धान्ताचार्य पं. फूलचन्द्र शास्त्री
प्रकाशक - भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली, छठा सं. 1995
हरिवंशपुराण : आचार्य जिनसेन
सम्पादक - पं. पन्नालाल जैन, साहित्याचार्य
प्रकाशक - भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली, 1962
शाश्वत तीर्थधाम : डॉ० हुकमचंद भारिल्ल
सम्मेदशिखर प्रकाशक- पं. टोडरमल स्मारक ट्रस्ट, जयपुर, सप्तम सं.2012