जैन परम्परा में दीपावली कोई लौकिक उत्सव मात्र नहीं है। यह भगवान् महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक और उनके प्रथम गणधर इन्द्रभूति गौतम स्वामी की केवलज्ञान प्राप्ति का पर्व है। नीचे इसका इतिहास शास्त्रों के प्रमाण सहित दिया है।
१. भगवान् महावीर स्वामी का निर्वाण
तिलोयपण्णत्ती (आचार्य यतिवृषभ)
कत्तिय-किण्हे चोद्दसि, पज्जूसे सादि-णाम-णक्खत्ते।
पावाए णयरीए, एक्को वीरेसरो सिद्धो॥
भाव: कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी के प्रत्यूषकाल में, स्वाति नक्षत्र में, भगवान् महावीर स्वामी पावानगरी से अकेले ही सिद्ध हुए। आचार्य पूज्यपाद की निर्वाण भक्ति में भी यही तिथि, नक्षत्र और स्थान आता है।
चतुर्दशी या अमावस्या? प्रत्यूषकाल अर्थात् रात्रि की समाप्ति और दिन का आरम्भ। चतुर्दशी समाप्त हो रही थी और अमावस्या आरम्भ हो रही थी, इसलिए शास्त्रों में दोनों तिथियों के प्रमाण मिलते हैं। जयधवला टीका के अनुसार भगवान् चतुर्दशी को निर्वाण को प्राप्त हुए और अमावस्या को समस्त देवों ने निर्वाण पूजा की। विस्तार: वीर निर्वाण चतुर्दशी को या अमावस्या को? (प्रो. अनेकान्त कुमार जैन) | Veer Nirvan Chaturdashi ko ya Amavasya ko? (Prof. Anekant Kumar Jain)
निर्वाण का अर्थ: निर्वाण देहावसान या स्वर्गवास नहीं है। यह शरीर से सदा के लिए रहित होकर सिद्ध पद की प्राप्ति है।
२. धन्य त्रयोदशी और रूप चतुर्दशी
जिसे लोक में धनतेरस कहते हैं, उसका जैन अर्थ धन्य त्रयोदशी है। इस दिन भगवान् की अन्तिम दिव्यध्वनि खिरी थी; जिन्होंने वह वाणी सुनी वे धन्य हुए। इसके पश्चात् भगवान् ने योग निरोध कर लिया। वाणी तो नहीं खिरी, पर ध्यानस्थ रूप के दर्शन होते रहे, इसलिए अगला दिन रूप चतुर्दशी कहलाया। (स्रोत: महावीर निर्वाण दिवस ? | Mahaveer Nirvan Divas?)
३. उसी सन्ध्या: गौतम गणधर स्वामी को केवलज्ञान
श्री गौतम स्वामी पूजन (श्री राजमल जी पवैया)
कार्तिक कृष्ण अमावस प्रातः महावीर निर्वाण हुआ ।
संध्याकाल तुम्हें भी, पावापुर में केवलज्ञान हुआ ॥
ज्ञान लक्ष्मी तुमने पाई और वीर प्रभु ने निर्वाण ।
दीपमालिका पर्व विश्व में तभी हुआ प्रारम्भ महान् ॥
भाव: प्रातः भगवान् का निर्वाण और सन्ध्या को गौतम स्वामी को केवलज्ञान। इसीलिए जैन दृष्टि में दीपावली की सच्ची लक्ष्मी केवलज्ञान लक्ष्मी है, और सच्चा दीप ज्ञान का दीप। गौतम स्वामी का पूरा जीवन: गौतम गणधर: जीवन और केवलज्ञान (दीपावली की सन्ध्या) | Gautam Gandhar: Jeevan aur Kevalgyan
४. दीपमालिका का उद्गम: हरिवंशपुराण
दीपावली और वीर निर्वाण के सम्बन्ध का सबसे प्राचीन लिखित प्रमाण आचार्य जिनसेन (पुन्नाट संघ) के हरिवंशपुराण में है, जो शक संवत् ७०५ अर्थात् ईस्वी सन् ७८३ में पूर्ण हुआ।
हरिवंशपुराण, सर्ग ६६
ज्वलत्प्रदीपालिकया प्रवृद्धया, सुरासुरैर्दीपितया प्रदीप्तया।
तदा स्म पावानगरी समन्ततः, प्रदीपिताकाशतला प्रकाशते॥
तथैव च श्रेणिकपूर्वभूभुजः, प्रकृत्य कल्याणमहं सहप्रजाः।
प्रजग्मुरिन्द्राश्च सुरैर्यथायथं, प्रभुचमाना जिनबोधिमर्थिनः॥
ततस्तु लोकः प्रतिवर्षमादरात्, प्रसिद्धदीपालिकयात्र भारते।
समुद्यतः पूजयितुं जिनेश्वरं, जिनेन्द्रनिर्वाणविभूतिभक्तिभाक्॥
भाव: चारों निकाय के देवों ने निर्वाण कल्याणक की पूजा की। सुर असुरों द्वारा जलाई गई दीपकों की पंक्ति से पावानगरी का आकाश सब ओर से जगमगा उठा। श्रेणिक आदि राजाओं ने भी प्रजा सहित कल्याणक मनाया। तभी से भारत के लोग प्रतिवर्ष आदरपूर्वक दीपालिका द्वारा जिनेन्द्र भगवान् की पूजा करने लगे।
५. “दीपोत्सव” नाम के प्रमाण
आलापपद्धति (आचार्य देवसेन), भूत नैगम नय का उदाहरण
अतीते वर्तमानारोपणं यत्र स भूतनैगमो। यथा, अद्य दीपोत्सवदिने श्रीवर्धमानस्वामी मोक्षं गतः।
भाव: न्याय ग्रन्थ भी उदाहरण देता है: “आज दीपोत्सव के दिन श्री वर्धमान स्वामी मोक्ष गए।” अर्थात् दीपोत्सव और वीर निर्वाण का सम्बन्ध आचार्यों के समय में सर्वविदित था।
६. वीर निर्वाण संवत्: जैन नववर्ष
निर्वाण का अगला दिन, कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा, जैन नववर्ष का आरम्भ दिवस है। इसी दिन से वीर निर्वाण संवत् गिना जाता है, जो भारत के प्राचीनतम संवतों में है। अजमेर के पास मिले वडली शिलालेख पर “८४ वीर संवत” अंकित है, जिसे डॉ. गौरीशंकर हीराचंद ओझा ने १९१२ में खोजा था; यह अजमेर के राजपूताना संग्रहालय में सुरक्षित है।
७. आज दीपावली कैसे मनाएं
- प्रातः: मन्दिर में निर्वाणकाण्ड पढ़कर भगवान् महावीर स्वामी की निर्वाण पूजन और निर्वाण लाडू।
चरम तीर्थंकर चरम शरीर, पावापुरि स्वामी महावीर।
- निर्वाण लाडू पर विद्वानों का मत: प्रातः चढ़ाया जाने वाला लाडू समवशरण का प्रतीक माना जाता है। पं. कैलाशचंद्र जैन शास्त्री के अनुसार यह भट्टारकों द्वारा चलाई गई परम्परा है; मिठास के कारण चींटी आदि जीवों की हिंसा की सम्भावना रहती है, इसलिए इच्छा हो तो लाडू के स्थान पर गोला (गट) चढ़ाया जा सकता है।
- सन्ध्या: श्री गौतम गणधर स्वामी की पूजन और ज्ञान के प्रतीक दीपक।
- दिनभर: स्वाध्याय, भजन, और पटाखों से पूर्ण परहेज़, क्योंकि उनसे असंख्य जीवों की हिंसा होती है।
८. परमार्थ दीपावली
अबके ऐसी दिवाली मनाऊँ (अबके ऐसी दिवाली मनाऊँ | abke esi diwali manau)
ज्ञान-रतन के दीप में, तप का तेल पवित्र भराऊँ।
अनुभव ज्योति जगा के, मिथ्या अन्धकार बिनसाऊँ॥
अष्ट करम का फोड़ फटाका, विजयी जिन कहलाऊँ।
सच्ची दीपावली (ब्र. श्री रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’) (सच्ची दीपावली | Sacchi Deepavali)
दीप सम्यक्त्व जब परिणति में जले।
सच्ची दीपावली तेरी तब ही मने॥टेक॥
डॉ. वीरसागर जैन (दीपावली वीतरागता का पर्व है | Dipavali Vitaragata Ka Parv Hai)
स्व-पर भेदविज्ञान के द्वारा सम्यग्ज्ञानी बनकर केवलज्ञानी बन जाना ही वास्तविक दीपावली मनाना है।
सम्बन्धित
- दीपावली, सभी ग्रन्थों से संकलन: दीपावली (वीर निर्वाण महोत्सव): सभी ग्रंथों से संकलन | Deepawali (Veer Nirvan Mahotsav): Sabhi Granthon Se Sankalan
- गौतम गणधर, जीवन और केवलज्ञान: गौतम गणधर: जीवन और केवलज्ञान (दीपावली की सन्ध्या) | Gautam Gandhar: Jeevan aur Kevalgyan
- दीपावली पूजन (कवि राजमल पवैया): दीपावली पूजन (कवि राजमल पवैया) | Deepawali Pujan (Kavi Rajmal Pavaiya)
- श्री गौतम स्वामी पूजन: श्री गौतम स्वामी पूजन | Shree Gautam Swami Pujan
- वीर निर्वाण चतुर्दशी को या अमावस्या को?: वीर निर्वाण चतुर्दशी को या अमावस्या को? (प्रो. अनेकान्त कुमार जैन) | Veer Nirvan Chaturdashi ko ya Amavasya ko? (Prof. Anekant Kumar Jain)
- जैन दीपावली और वीर निर्वाण संवत् के प्रमाण: जैन 'दीपावली' और 'वीर निर्वाण संवत्' के प्रमाण (प्रो. अनेकांत कुमार जैन) | Jain Deepawali aur Veer Nirvan Samvat ke Praman (Prof. Anekant Kumar Jain)
मंगलं भगवान् वीरो, मंगलं गौतमो गणी ।
खोज: Jain Parampara Mein Deepawali Ka Itihas