श्री देव-शास्त्र-गुरु पूजन (श्री युगलजी) | Shree Dev Shastra Guru Pujan (Yugal Ji)

केवल-रवि-किरणों से जिसका, सम्पूर्ण प्रकाशित है अंतर|
उस श्री जिनवाणी में होता, तत्वों का सुन्दरतम दर्शन||
सद्दर्शन-बोध-चरण-पथ पर, अविरल जो बढ़ते हैं मुनिगण|
उन देव-परम-आगम गुरु को, शत-शत वंदन शत-शत वंदन
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरु समूह! अत्र अवतर! अवतर! संवौषट् (आह्वाननम्)।
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरु समूह! अत्र तिष्ठ! तिष्ठ! ठ:! ठ:! (स्थापनम्)।
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरु समूह! अत्र मम सन्निहितो भव! भव! वषट्! (सन्निधिकरणम्)।

इन्द्रिय के भोग मधुर विष सम, लावण्यमयी कंचन काया|
यह सब कुछ जड़ की क्रीड़ा है, मैं अब तक जान नहीं पाया||
मैं भूल स्वयं के वैभव को, पर-ममता में अटकाया हूँ |
अब निर्मल सम्यक्-नीर लिये, मिथ्यामल धोने आया हूँ ||
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरुभ्य: जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

जड़-चेतन की सब परिणति प्रभु! अपने-अपने में होती है|
अनुकूल कहें प्रतिकूल कहें, यह झूठी मन की वृत्ति है||
प्रतिकूल संयोगों में क्रोधित, होकर संसार बढ़ाया है|
संतप्त-हृदय प्रभु! चंदन-सम, शीतलता पाने आया है||
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरुभ्य: संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।

उज्ज्वल हूँ कुंद-धवल हूँ प्रभु! पर से न लगा हूँ किंचित् भी|
फिर भी अनुकूल लगें उन पर, करता अभिमान निरंतर ही||
जड़ पर झुक-झुक जाता चेतन, नश्वर वैभव को अपनाया|
निज शाश्वत अक्षय निधि पाने, अब दास चरण रज में आया||
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरुभ्य: अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

यह पुष्प सुकोमल कितना है! तन में माया कुछ शेष नहीं|
निज-अंतर का प्रभु भेद कहूँ, उसमें ऋजुता का लेश नहीं||
चिंतन कुछ फिर सम्भाषण कुछ, क्रिया कुछ की कुछ होती है|
स्थिरता निज में प्रभु पाऊँ, जो अंतर-कालुष धोती है||
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरुभ्य: कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

अब तक अगणित जड़-द्रव्यों से, प्रभु! भूख न मेरी शांत हुर्इ|
तृष्णा की खाई खूब भरी, पर रिक्त रही वह रिक्त रही||
युग-युग से इच्छा-सागर में, प्रभु! गोते खाता आया हूँ|
पंचेन्द्रिय-मन के षट्-रस तज, अनुपम-रस पीने आया हूँ||
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरुभ्य: क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जग के जड़ दीपक को अब तक, समझा था मैंने उजियारा|
झंझा के एक झकोरे में, जो बनता घोर तिमिर कारा||
अतएव प्रभो! यह नश्वर-दीप, समर्पण करने आया हूँ|
तेरी अंतर लौ से निज, अंतर-दीप जलाने आया हूँ||

(मेरे चैतन्य सदन में प्रभु! चिर व्याप्त भयंकर अँधियारा।
श्रुत-दीप बुझा हे करूणानिधि! बीती नहीं कष्टों की कारा।।
अतएव प्रभो! यह ज्ञान प्रतीक, समर्पित करने आया हूँ।
तेरी अंतर लौ से निज, अंतर-दीप जलाने आया हूँ।।) (Changed by Author himself)
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरुभ्य: मोहांधकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

जड़-कर्म घुमाता है मुझको, यह मिथ्या-भ्रांति रही मेरी|
मैं राग-द्वेष किया करता, जब परिणति होती जड़ केरी||
यों भाव-करम या भाव-मरण, सदियों से करता आया हूँ|
निज-अनुपम गंध-अनल से प्रभु, पर-गंध जलाने आया हूँ||
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरुभ्य: अष्टकर्मदहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

जग में जिसको निज कहता मैं, वह छोड़ मुझे चल देता है|
मैं आकुल-व्याकुल हो लेता, व्याकुल का फल व्याकुलता है||
मैं शांत निराकुल चेतन हूँ, है मुक्तिरमा सहचरि मेरी|
यह मोह तड़क कर टूट पड़े, प्रभु! सार्थक फल पूजा तेरी||
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरुभ्य: मोक्षफलप्राप्तये फलंं निर्वपामीति स्वाहा।

क्षणभर निजरस को पी चेतन, मिथ्यामल को धो देता है|
काषायिक भाव विनष्ट किये, निज-आनंद अमृत पीता है||
अनुपम-सुख तब विलसित होता, केवल-रवि जगमग करता है|
दर्शन-बल पूर्ण प्रकट होता, यह ही अरिहन्त-अवस्था है||
यह अर्घ्य समर्पण करके प्रभु! निज-गुण का अर्घ्य बनाऊँगा|
और निश्चित तेरे सदृश प्रभु! अरिहन्त-अवस्था पाऊँगा||
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरुभ्य: अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

----जयमाला----

(ज्ञानोदय छंद)
भव-वन में जी भर घूम चुका, कण-कण को जी भर-भर देखा |
मृग-सम मृगतृष्णा के पीछे, मुझको न मिली सुख की रेखा ||(1)
झूठे जग के सपने सारे, झूठी मन की सब आशाएँ |
तन जीवन यौवन अस्थिर हैं, क्षण भंगुर पल में मुरझाएँ ||(2)
सम्राट् महाबली सेनानी, उस क्षण को टाल सकेगा क्या |
अशरण मृत काया में हर्षित, निज जीवन डाल सकेगा क्या ||(3)
संसार महा-दु:खसागर के, प्रभु! दु:खमय सुख-आभासों में |
मुझको न मिला सुख क्षणभर भी, कंचन-कामिनि-प्रासादों में ||(4)
मैं एकाकी एकत्व लिए, एकत्व लिए सब ही आते |
तन-धन को साथी समझा था, पर वे भी छोड़ चले जाते ||(5)
मेरे न हुए ये मैं इनसे, अतिभिन्न अखंड निराला हूँ |
निज में पर से अन्यत्व लिए, निज सम-रस पीनेवाला हूँ ||(6)
जिसके श्रृंगारों में मेरा, यह महँगा जीवन घुल जाता |
अत्यन्त अशुचि जड़ काया से, इस चेतन का कैसा नाता ||(7)
दिन-रात शुभाशुभ भावों से, मेरा व्यापार चला करता |
मानस वाणी अरु काया से, आस्रव का द्वार खुला रहता ||(8)
शुभ और अशुभ की ज्वाला से, झुलसा है मेरा अंतस्थल |
शीतल समकित किरणें फूटें, संवर से जागे अंतर्बल ||(9)
फिर तप की शोधक वह्नि जगे, कर्मों की कड़ियाँ टूट पड़ें |
सर्वांग निजात्म प्रदेशों से, अमृत के निर्झर फूट पड़ें ||(10)
हम छोड़ चलें यह लोक तभी, लोकांत विराजें क्षण में जा |
निज-लोक हमारा वासा हो, शोकांत बनें फिर हमको क्या ||(11)
जागे मम दुर्लभ बोधि प्रभो! दुर्नयतम सत्वर टल जावे |
बस ज्ञाता-दृष्टा रह जाऊँ, मद-मत्सर मोह विनश जावे ||(12)
चिर रक्षक धर्म हमारा हो, हो धर्म हमारा चिर साथी |
जग में न हमारा कोई था, हम भी न रहें जग के साथी ||(13)

(देव-स्तवन)
चरणों में आया हूँ प्रभुवर! शीतलता मुझको मिल जावे |
मुरझाई ज्ञान-लता मेरी, निज-अंतर्बल से खिल जावे ||(14)
सोचा करता हूँ भोगों से, बुझ जावेगी इच्छा-ज्वाला |
परिणाम निकलता है लेकिन, मानों पावक में घी डाला ||(15)
तेरे चरणों की पूजा से, इन्द्रिय-सुख की ही अभिलाषा |
अब तक न समझ ही पाया प्रभु! सच्चे सुख की भी परिभाषा ||(16)
तुम तो अविकारी हो प्रभुवर! जग में रहते जग से न्यारे |
अतएव झुकें तव चरणों में, जग के माणिक-मोती सारे ||(17)

(शास्त्र-स्तवन)
स्याद्वादमयी तेरी वाणी, शुभनय के झरने झरते हैं |
उस पावन नौका पर लाखों, प्राणी भव-वारिधि तिरते हैं ||(18)

(गुरु-स्तवन)
हे गुरुवर! शाश्वत सुख-दर्शक, यह नग्न-स्वरूप तुम्हारा है |
जग की नश्वरता का सच्चा, दिग्दर्श कराने वाला है ||(19)
जब जग विषयों में रच-पच कर, गाफिल निद्रा में सोता हो |
अथवा वह शिव के निष्कंटक- पथ में विष-कंटक बोता हो ||(20)
हो अर्ध-निशा का सन्नाटा, वन में वनचारी चरते हों |
तब शांत निराकुल मानस तुम, तत्त्वों का चिंतन करते हो ||(21)
करते तप शैल नदी-तट पर, तरु-तल वर्षा की झड़ियों में |
समतारस पान किया करते, सुख-दु:ख दोनों की घड़ियों में ||(22)
अंतर-ज्वाला हरती वाणी, मानों झड़ती हों फुलझड़ियाँ |
भव-बंधन तड़-तड़ टूट पड़ें, खिल जावें अंतर की कलियाँ ||(23)
तुम-सा दानी क्या कोई हो, जग को दे दीं जग की निधियाँ |
दिन-रात लुटाया करते हो, सम-शम की अविनश्वर मणियाँ ||(24)

हे निर्मल देव! तुम्हें प्रणाम, हे ज्ञानदीप आगम! प्रणाम |
हे शांति-त्याग के मूर्तिमान, शिव-पंथ-पथी गुरुवर! प्रणाम ||
ओं ह्रीं श्री देवशास्त्रगुरुभ्य: अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

Artist - कविश्री युगलजी बाबू जी

4 Likes

@Divya ji, यह पूजन में बाबूजी ने कुछ edits किए थे, कृपया वे नए edits इसमें डाल दीजिए। उदाहरण:

जग के जड़ दीपक को अब तक, समझा था मैंने उजियारा|
झंझा के एक झकोरे में, जो बनता घोर तिमिर कारा||
अतएव प्रभो! यह नश्वर-दीप, समर्पण करने आया हूँ|
तेरी अंतर लौ से निज, अंतर-दीप जलाने आया हूँ||

मेरे चैतन्य सदन में प्रभु! चिर व्याप्त भयंकर अँधियारा।
श्रुत-दीप बुझा हे करूणानिधि! बीती नहीं कष्टों की कारा।।
अतएव प्रभो! यह ज्ञान प्रतीक, समर्पित करने आया हूँ।
तेरी अंतर लौ से निज, अंतर-दीप जलाने आया हूँ।।

पूरा text आपको यहाँ पर मिल जाएगा: सम्पूर्ण पूजा विधि सहित श्री देव-शास्त्र-गुरु पूजन, पूजा प्रतिज्ञा, महाअर्घ्य, शांति पाठ आदि - YouTube

1 Like

इसका audio भी आप upload कर दीजिए।

https://drive.google.com/file/d/14PKXQ6Zk0PqEdp46mOutTaFNzzcrpz52/view?usp=sharing

1 Like

Sure bhaiya, we can keep both by highlighting changed lines.